देश की जनता की जेब पर डाका डालने का काम कर रही है भाजपा : सुभाष चंद्र लाला
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखी गई है, लेकिन भारतीय उपभोक्ताओं तक इसका लाभ पहुंचने में अभी समय लगेगा, फिलहाल भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में राहत मिलने की उम्मीद कम है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने गुरुवार को कहा कि देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें कम होंगी या नहीं इस पर फैसला अगले दो से तीन महीनों में ही लिया जा सकता है। इसी विषय पर बात करते हुए आम आदमी पार्टी के विश्वास नगर वार्ड अध्यक्ष सुभाष चंद्र लाला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस देश की जनता की जेब पर सीधा सीधा डाका डाल रही है, देश की जनता को लूटने का हर संभव कार्य कर रही है भाजपा और उसके नेता। उन्होंने कहा कि जब देश में पेट्रोल और डीजल के दाम कम हो सकते हैं तो फिर क्यों पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी बनी हुई है | श्री लाला ने कहा कि बात सिर्फ पेट्रोल और डीजल की नहीं है, पेट्रोल और डीजल के दाम ज्यादा होने से हर चीज के दाम बढ़ते हैं, हर चीज के दाम पर प्रभाव पड़ता है, ट्रांसपोर्टेशन महंगा होता है, फल सब्जियां महंगी होती हैं, रोजाना के इस्तेमाल में काम आने वाली जरूरत की चीजें भी महंगी होती है जिससे हर एक चीज खरीदते समय लोगों की जेब ढीली होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास देश को चलाने के लिए ना तो सही नीतियां है और ना ही सही योजनाएं। श्री लाला ने कहा कि मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के समय भाजपा देश को सही तरह से चलाने में पूरी तरह से विफल साबित हुई। उन्होंने कहा कि इस दौरान देश में महंगाई लगातार बढ़ती रही, पेट्रोल डीजल के दाम महीने में दो से तीन बार बढ़े सीएनजी के दामों में बढ़ोतरी हुई कुल मिलाकर देश बहुत बड़े संकट में रहा। श्री लाला ने कहा कि इसी तरह से अब जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखी गई है तब भाजपा को यह समझ नहीं आ रहा कि वह किस तरह से चीजों को नियंत्रण में रखें और महंगाई को कम करे। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ दूसरों पर आरोप प्रत्यारोप लगाना जानती है, दूसरों के कार्यों में कमी निकालना जानती है बस खुद कोई काम करना नहीं आता भाजपा को।



