Bhopal Road Accident: तेज रफ्तार का कहर, भोपाल में भीषण सड़क हादसे में 5 की मौत, 12 घायल
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मकर संक्रांति के दिन एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को गम में डुबो दिया। बैरसिया थाना क्षेत्र के विधा विहार स्कूल के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक लोडिंग वाहन की आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि लोडिंग वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई लोग अंदर फंस गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी मृतक विदिशा जिले के सिरोंज क्षेत्र के रहने वाले थे। मकर संक्रांति के पर्व पर पूरा परिवार लोडिंग वाहन से होशंगाबाद स्नान के लिए रवाना हुआ था। जैसे ही वाहन विधा विहार स्कूल के पास पहुंचा, सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीएम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद बैरसिया एसडीएम आशुतोष शर्मा, एएसपी नीरज चौरसिया, बैरसिया टीआई वीरेंद्र सेन और स्थानीय विधायक विष्णु खत्री अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर से बेहतर इलाज के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया है।
एसडीएम आशुतोष शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही की जा सकेगी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार के खतरे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



