Bhajanpura School CSR Initiative: निगम स्कूल में वॉटर कूलर और RO प्यूरीफायर का उद्घाटन, बच्चों को मिलेगा स्वच्छ पानी
नई दिल्ली के भजनपुरा नगर निगम विद्यालय में विद्यार्थियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई। नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (NFL) द्वारा CSR फंड के तहत स्कूल में वॉटर कूलर और आरओ प्यूरीफायर स्थापित किया गया, जिससे बच्चों को साफ और ठंडा पानी मिल सकेगा।
इस सुविधा का उद्घाटन निगम पार्षद रेखा रानी ने NFL के सीईओ अमित कुमार शर्मा, स्कूल प्रिंसिपल राजीव रंजन, स्टाफ और अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी में किया। कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों का फूल-मालाओं और शॉल पहनाकर स्वागत किया गया।

इस मौके पर रेखा रानी ने NFL और विशेष रूप से अमित शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर निगम स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए स्वच्छ पानी की व्यवस्था करना एक सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें जल जनित बीमारियों से बचाने के लिए इस तरह की पहल बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी बताया कि उत्तर-पूर्वी जोन के कई स्कूलों में भी NFL द्वारा इसी तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
अमित कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के विकास में संस्थाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। NFL लगातार समाज को कुछ वापस देने की भावना के साथ काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनके बेहतर भविष्य की नींव है और इससे स्वस्थ व सशक्त पीढ़ी के निर्माण में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में यह भी उल्लेख किया गया कि NFL पहले भी स्कूलों में वॉल पेंटिंग के माध्यम से स्वच्छ भारत अभियान को बढ़ावा दे चुका है, जिससे बच्चों और समाज में जागरूकता बढ़ी है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजेश पाल, ममता जोशी, चारू कौशिक, अमर झा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयास न केवल बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।



