Baghpat Murder Suicide: बागपत में दिल दहला देने वाली वारदात, मां ने तीन बेटियों की हत्या कर खुदकुशी की
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। टिकरी गांव में मंगलवार देर शाम एक महिला ने अपनी तीन मासूम बेटियों का गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर खुद पंखे से लटककर जान दे दी। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और हर कोई यही सवाल कर रहा है कि आखिर एक मां अपने ही बच्चों को मौत के घाट क्यों उतार सकती है।
मृतकों की पहचान 29 वर्षीय तेज कुमारी उर्फ माया और उसकी बेटियों गुंजन (7), कीतो (2) और चार महीने की मीरा के रूप में हुई है। गुंजन उसकी सौतेली बेटी थी और उसका 12 सितंबर को जन्मदिन था। बताया जाता है कि तेज कुमारी उसे बुआ के घर से विशेष रूप से जन्मदिन मनाने के लिए लाई थी, लेकिन इससे पहले ही यह खौफनाक वारदात हो गई।
जानकारी के अनुसार, तेज कुमारी के पति विकास ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी से तलाक के बाद उसने तेज कुमारी से लव मैरिज की थी। गुंजन पहली पत्नी की संतान थी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। तेज कुमारी चाहती थी कि उनकी बेटियों की पढ़ाई के लिए शहर शिफ्ट हो जाएं, लेकिन पति इसके खिलाफ था। इसी बात को लेकर दोनों में अक्सर झगड़ा होता था।
घटना के समय विकास घर के बाहर एक पेड़ के नीचे सो रहा था। देर रात जब उसने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की और वह नहीं खुला, तो उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा तो अंदर का दृश्य देखकर हर कोई दंग रह गया। तीनों बच्चियों के शव चारपाई पर पड़े थे और तेज कुमारी दुपट्टे से पंखे पर लटकी हुई थी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। बड़ौत के क्षेत्राधिकारी विजय कुमार और खुद एसपी सूरज कुमार राय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पति द्वारा लगातार बातचीत बंद करने और पारिवारिक कलह से परेशान होकर महिला ने यह कदम उठाया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। एक ही परिवार से चार अर्थियां उठने की खबर ने हर किसी को झकझोर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जिस विवाद को बातचीत से सुलझाया जा सकता था, उसने चार मासूम जिंदगियां निगल लीं।



