Assam ELF: असम में ऐतिहासिक पल: पीएम मोदी ने की इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी पर विमान की लैंडिंग
असम के डिब्रूगढ़ जिले में मोरान बाईपास पर देश की सामरिक ताकत को बढ़ाने वाली ऐतिहासिक सुविधा का उद्घाटन हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय वायुसेना के विशेष विमान सी-130जे सुपर हरक्यूलिस (C-130J Super Hercules) से इस इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) पर उतरकर इसकी शुरुआत की। पीएम मोदी की लैंडिंग के साथ ही यह हाईवे पर स्थित पट्टी वायुसेना के रणनीतिक नेटवर्क का हिस्सा बन गई।
इस मौके पर पीएम मोदी ने सुखोई Su-30MKI फाइटर जेट की उड़ान और अन्य ट्रांसपोर्ट विमान तथा हेलीकॉप्टर का हवाई प्रदर्शन देखा। ELF पूर्वोत्तर भारत में अपनी तरह की पहली सुविधा है और युद्ध या आपातकाल की स्थिति में वैकल्पिक रनवे के रूप में कार्य करेगी। इसका निर्माण आपात परिस्थितियों में सेना और नागरिक विमानों की सुरक्षित लैंडिंग और टेक-ऑफ को सुनिश्चित करेगा।
ईएलएफ के तहत हाईवे पर बनी पट्टी 40 टन तक के फाइटर विमान और 74 टन तक के परिवहन विमान को संभालने में सक्षम है। देश में कुल 28 ईएलएफ की योजना है, फिलहाल असम को छोड़कर पांच स्थानों पर यह सुविधा मौजूद है। असम में इसकी रणनीतिक अहमियत और भी बढ़ जाती है क्योंकि यह चीन सीमा के काफी पास है, जिससे देश की सामरिक ताकत और सुरक्षा क्षमता मजबूत होगी।
इस ऐतिहासिक कदम से पूर्वोत्तर भारत में वायुसेना की तत्परता बढ़ेगी और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव होगी।



