ASHA Workers: आशा कार्यकर्ताओं की मासिक राशि बढ़ने से उनको प्रोत्साहन मिलेगा : निर्मल गुप्ता
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मासिक प्रोत्साहन राशि को दोगुना करने का निर्णय लिया गया। अब उन्हें प्रति माह तीन हजार रुपये की जगह छह हजार रुपये मिलेंगे। इसी विषय पर बात करते हुए सुप्रसिध्द समाजसेवी निर्मल गुप्ता ने कहा कि आशा कार्यकर्ता दिल्ली की प्राथमिक स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, वे घर घर जा कर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देती हैं, परिवारों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करती हैं तथा गर्भवती महिलाओं और प्रसूताओं की देखभाल से संबंधित सेवाओं में सहयोग करती हैं, ऐसे में मासिक प्रोत्साहन में वृद्धि आशा कार्यकर्ताओं के योगदान के सम्मान के साथ साथ उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि इससे आशा कार्यकर्ताओं का उनके कार्य के प्रति उत्साह भी बढ़ेगा और उनकी सेवा निरंतरता को बल मिलेगा। श्री गुप्ता ने बताया कि यह वृद्धि दिल्ली में कार्यरत सभी आशा कार्यकर्ताओं पर लागू होगी व अन्य प्रोत्साहन पहले की तरह जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं की स्वास्थ्य एवं पोषण दिवसों, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों, सर्वेक्षणों और सामुदायिक बैठकों में भी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। श्री गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में 6,725 आशा कार्यकर्ता कार्यरत हैं और एक आशा कार्यकर्ता लगभग दो हजार लोगों या 400 परिवारों से जुड़ी होती है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार आशा वर्करों के मानदेय में बढ़ोतरी को लेकर लगातार चर्चा कर रही थी, ये सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल था और अब इस पर फैसला ले लिया गया है।



