Home देश दुनिया Arshad Nadeem: अरशद नदीम ने नीरज चोपड़ा पर टिप्पणी करने से किया...

Arshad Nadeem: अरशद नदीम ने नीरज चोपड़ा पर टिप्पणी करने से किया इनकार, कहा- भारत-पाक तनाव के बीच कुछ नहीं बोलूंगा

0
45

Arshad Nadeem: अरशद नदीम ने नीरज चोपड़ा पर टिप्पणी करने से किया इनकार, कहा- भारत-पाक तनाव के बीच कुछ नहीं बोलूंगा

पेरिस ओलंपिक 2024 में स्वर्ण पदक जीतने वाले पाकिस्तान के जैवलिन थ्रोअर अरशद नदीम ने भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। लाहौर में मीडिया से बातचीत के दौरान अरशद ने स्पष्ट रूप से कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के चलते वे नीरज के बारे में कुछ नहीं बोलेंगे। उन्होंने कहा, “मैं एक गांव से हूं और मेरा परिवार हमेशा अपनी सेना के साथ खड़ा रहेगा।”

दरअसल, यह बयान ऐसे समय में आया है जब नीरज चोपड़ा को पहलगाम आतंकी हमले के बाद सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। आलोचना इस वजह से हुई क्योंकि नीरज ने पाकिस्तान के अरशद नदीम को एनसी क्लासिक टूर्नामेंट के लिए आमंत्रित किया था। यह टूर्नामेंट नीरज चोपड़ा के नाम पर रखा गया था और इसे 24 मई को बेंगलुरु में आयोजित किया जाना था, लेकिन भारत-पाक के बीच सैन्य तनाव के चलते इसे स्थगित कर दिया गया।

इस पूरे प्रकरण से पहले नीरज चोपड़ा ने दोहा डायमंड लीग में शानदार प्रदर्शन करते हुए 90.23 मीटर तक भाला फेंका, लेकिन उन्हें जर्मनी के जूलियन वेबर के 91.06 मीटर के प्रयास के चलते दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। वहीं अरशद नदीम ने पेरिस ओलंपिक में नीरज को हराकर गोल्ड अपने नाम किया था।

नीरज चोपड़ा ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी स्पष्ट किया कि वे और अरशद कभी करीबी दोस्त नहीं रहे। उन्होंने कहा, “हम एक-दूसरे को जानते हैं लेकिन हम कभी बहुत गहरे दोस्त नहीं रहे। अब जब भारत-पाक संबंधों में तनाव है तो जाहिर है हमारी बातचीत में भी दूरी आई है।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर कोई खिलाड़ी उनसे सम्मानपूर्वक बात करता है, तो वह भी उसी अंदाज़ में जवाब देते हैं।

दूसरी ओर, अरशद नदीम ने नीरज पर व्यक्तिगत टिप्पणी करने से बचते हुए कहा, “मैं हमेशा खुद से प्रतिस्पर्धा करता हूं, मेरा लक्ष्य है एक दिन 100 मीटर तक भाला फेंकना। अगर नीरज अच्छा कर रहे हैं तो यह उनके लिए अच्छा है।”

नीरज चोपड़ा अब 23 मई को पोलैंड के चोरजोव में होने वाली ओरलेन जानुस कुसोसिन्स्की मेमोरियल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। जहां उनकी निगाहें दोहा के प्रदर्शन से भी बेहतर नतीजों पर होंगी।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here