Home देश दुनिया Alwar Kawad Accident: अलवर में करंट लगने से दो कांवड़ियों की मौत,...

Alwar Kawad Accident: अलवर में करंट लगने से दो कांवड़ियों की मौत, 32 से अधिक झुलसे, ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन

0
48

Alwar Kawad Accident: अलवर में करंट लगने से दो कांवड़ियों की मौत, 32 से अधिक झुलसे, ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन

राजस्थान के अलवर जिले में सावन माह के दौरान कांवड़ यात्रा से पहले एक बड़ा हादसा हो गया। लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के बीचगावा गांव में बुधवार सुबह कांवड़ यात्रा की तैयारियों के दौरान श्रद्धालु बिजली के करंट की चपेट में आ गए। इस दर्दनाक हादसे में दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 32 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इनमें कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।

यह हादसा उस वक्त हुआ जब गांव के लोग हरिद्वार से लाई गई कांवड़ की परिक्रमा कर रहे थे। ग्रामीणों और कांवड़ियों की बड़ी संख्या उस वक्त परिक्रमा में शामिल थी। अचानक करंट की चपेट में आने से अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी ने तेज चीख सुनी और कुछ ही पलों में दर्जनों लोग जमीन पर गिरते नजर आए। मौके पर ही दो लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य झुलसे हुए लोगों को तुरंत गढ़ी सवाईराम के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।

जिनमें से आठ की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वहीं, तीन से चार अन्य घायल लक्ष्मणगढ़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं।

इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों और कांवड़ियों ने लक्ष्मणगढ़-मंडावर मार्ग पर जाम लगा दिया और बिजली विभाग तथा प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

तहसीलदार ममता कुमारी ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। अधिकारियों ने झुलसे लोगों को प्राथमिकता के आधार पर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि करंट कैसे लगा। आशंका जताई जा रही है कि या तो हाई टेंशन लाइन की चपेट में आकर यह हादसा हुआ, या किसी टूटे हुए विद्युत तार से करंट फैला।

घटनास्थल पर विद्युत निगम की टीम पहुंच चुकी है जो जांच में जुटी है। साथ ही, प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

फिलहाल गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, और ग्रामीण प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई व मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here