Air India Flight Cancelled: एअर इंडिया संकट गहराया: हादसे के बाद 8 उड़ानें रद्द, यात्रियों में भारी असंतोष

0
63

Air India Flight Cancelled: एअर इंडिया संकट गहराया: हादसे के बाद 8 उड़ानें रद्द, यात्रियों में भारी असंतोष

एअर इंडिया एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार किसी उपलब्धि को लेकर नहीं, बल्कि लगातार बढ़ती तकनीकी समस्याओं, सुरक्षा चिंताओं और उड़ानों के रद्द होने के चलते। अहमदाबाद में हाल ही में हुए भीषण विमान हादसे के बाद एयरलाइन के संचालन पर गहरा असर पड़ा है। शुक्रवार को एअर इंडिया ने 8 उड़ानों को रद्द कर दिया, जिनमें 4 अंतरराष्ट्रीय और 4 घरेलू फ्लाइट्स शामिल हैं। एयरलाइन ने इस कदम के पीछे रखरखाव और परिचालन संबंधी कारणों का हवाला दिया है।

इससे पहले, अहमदाबाद-लंदन गैटविक मार्ग पर एअर इंडिया का ड्रीमलाइनर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 271 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। हादसा इतना भयावह था कि विमान एक रिहायशी इलाके में जा गिरा, जिससे दर्जनों लोग जमीन पर भी मारे गए। यह घटना न केवल मानव त्रासदी बनकर सामने आई, बल्कि उसने एयरलाइन के पूरे संचालन ढांचे को झकझोर दिया।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इस दुर्घटना के बाद तत्काल प्रभाव से एअर इंडिया के ड्रीमलाइनर बेड़े की व्यापक जांच के आदेश दिए। DGCA के आंकड़ों के अनुसार, अब तक 66 से अधिक ड्रीमलाइनर उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं। अकेले 12 जून को, ड्रीमलाइनर द्वारा संचालित 50 में से छह उड़ानें रोक दी गईं। 18 जून तक एयर इंडिया के 33 ड्रीमलाइनर विमानों में से 24 की जांच पूरी हो चुकी थी, और शेष विमानों की समीक्षा अब भी चल रही है।

शुक्रवार को जिन 8 उड़ानों को रद्द किया गया, उनकी सूची इस प्रकार है:

  • दुबई से चेन्नई (AI906)

  • दिल्ली से मेलबर्न (AI308)

  • मेलबर्न से दिल्ली (AI309)

  • दुबई से हैदराबाद (AI2204)

  • पुणे से दिल्ली (AI874)

  • अहमदाबाद से दिल्ली (AI456)

  • हैदराबाद से मुंबई (AI2872)

  • चेन्नई से मुंबई (AI571)

एअर इंडिया ने बयान जारी कर यात्रियों से माफी मांगी है और आश्वासन दिया है कि उन्हें पूरा रिफंड या मुफ्त रीशेड्यूलिंग की सुविधा दी जा रही है। ग्राउंड स्टाफ को यह निर्देश दिया गया है कि वे यात्रियों के लिए वैकल्पिक यात्रा योजनाएं तैयार करें ताकि उन्हें जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।

इसके साथ ही एयरलाइन ने यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी भी जारी की है, जिसमें उन्हें सलाह दी गई है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति एयर इंडिया की वेबसाइट airindia.com पर जांचें या कस्टमर केयर नंबर 011 69329333 और 011 69329999 पर कॉल करें। एयरलाइन ने बताया कि हवाई क्षेत्र में प्रतिबंध, खराब मौसम और रखरखाव कारणों से आने वाले दिनों में भी कुछ और उड़ानों में व्यवधान की संभावना है।

गौरतलब है कि गुरुवार को ही एयर इंडिया ने घोषणा की थी कि वह 21 जून से 15 जुलाई 2025 तक तीन अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर परिचालन अस्थायी रूप से निलंबित करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here