Air India Plane Fire: दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान में आग, सभी यात्री सुरक्षित
एयर इंडिया की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में उस समय अफरातफरी मच गई, जब मंगलवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग के ठीक बाद विमान के पूंछ वाले हिस्से में स्थित सहायक पावर यूनिट (APU) में अचानक आग लग गई। यह घटना एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI-315 में हुई, जो हांगकांग से दिल्ली आ रही थी।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट जैसे ही लैंडिंग के बाद गेट पर पार्क हुई और यात्रियों का उतरना शुरू हुआ, उसी दौरान APU में आग की लपटें दिखाई दीं। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान के सिस्टम ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए आपात प्रक्रिया के तहत APU को अपने-आप बंद कर दिया, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।
विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल पूरी तरह सुरक्षित रहे और बिना किसी बाधा के विमान से नीचे उतर गए। एयर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि आग से फ्लाइट को आंशिक नुकसान पहुंचा है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा में कोई समझौता नहीं हुआ।
फिलहाल विमान को सेवा से बाहर कर दिया गया है और आगे की विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है। विमानन नियामक संस्था को इस आगजनी की घटना की जानकारी दे दी गई है।
गौरतलब है कि APU (Auxiliary Power Unit) विमान का एक महत्वपूर्ण तकनीकी हिस्सा होता है। यह एक छोटा गैस टर्बाइन इंजन होता है, जो उड़ान से पहले या पार्किंग की स्थिति में मुख्य इंजनों और बाहरी बिजली स्रोतों के बिना विमान को आवश्यक बिजली और पावर देता है। इसी यूनिट में आग लगने की वजह से स्थिति संवेदनशील बन गई थी।



