Home देश दुनिया Ahmedabad Bomb Threat: अहमदाबाद में बम धमकी से हड़कंप, स्कूलों में सुरक्षा...

Ahmedabad Bomb Threat: अहमदाबाद में बम धमकी से हड़कंप, स्कूलों में सुरक्षा बढ़ाई गई

0
54

Ahmedabad Bomb Threat: अहमदाबाद में बम धमकी से हड़कंप, स्कूलों में सुरक्षा बढ़ाई गई

गुजरात के अहमदाबाद में आज सुबह तीन प्रमुख स्कूलों को बम धमाके की धमकी मिलने से शहर में हड़कंप मच गया। सुबह 8:35 बजे प्राप्त ईमेल में लिखा गया था कि दोपहर 1:11 बजे बम धमाके किए जाएंगे। धमकी में स्कूलों के साथ-साथ साबरमती जेल का भी जिक्र किया गया था और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का नाम भी शामिल था। पुलिस का अनुमान है कि धमकी खालिस्तानी आतंकियों की तरफ से भेजी गई हो सकती है।

ईमेल में यह भी दावा किया गया कि खालिस्तान रिफरेंडम के 900 दिन पूरे होने पर कनाडा में भारतीय सैनिकों द्वारा हरदीप सिंह निज्जर की हत्या कराई गई थी और इसके पीछे लॉरेंस बिश्नोई का हाथ है। धमकी में यह चेतावनी भी दी गई कि हिंदू गुजराती और अमित शाह इसके परिणाम भुगतेंगे।

इस संदर्भ में अहमदाबाद शहर पुलिस के ज्वाइंट कमिश्नर शरद सिंघल ने बताया कि अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला है। हालांकि सुरक्षा के सभी इंतजाम कड़े कर दिए गए हैं और स्कूलों में विशेष चौकसी बरती जा रही है। अहमदाबाद में पहले भी स्कूलों को बम धमकी के ईमेल मिल चुके हैं।

पुलिस ने बताया कि पहले एक मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया था, जो अपने प्रेमी को फंसाने के लिए धमकी भरे ईमेल भेजती थी। लेकिन इस बार धमकी में केंद्रीय गृह मंत्री और गैंगस्टर का नाम आने के कारण सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता बरत रही हैं। शहर की सुरक्षा बढ़ाने के लिए पुलिस ने स्कूलों, आस-पास के इलाकों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया।

पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत दें। ईमेल की जांच के लिए साइबर सेल को भी लगाया गया है और संदिग्ध संदेश के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here