भगवान नेमिनाथ मोक्ष कल्याणक महोत्सव हेतु गिरनार पर्वत पर समुचित व्यवस्था की जाए : मनोज कुमार जैन
नई दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ) : भगवान महावीर देशना फाउंडेशन की ओर से गुजरात सरकार को एक औपचारिक पत्र प्रेषित कर 2 जुलाई 2025 को गिरनार पर्वत (जूनागढ़, गुजरात) पर आयोजित होने वाले 22वें तीर्थंकर भगवान नेमिनाथ के मोक्ष कल्याणक महोत्सव के लिए समुचित सुरक्षा, चिकित्सा, यातायात, पेयजल आदि आवश्यक व्यवस्थाओं एवं पंचमी टोंक पर निर्विघ्न रूप से लड्डू चढ़ाने की अनुमति की मांग की गई है। इस अवसर पर देशभर से हजारों श्रद्धालुओं के जूनागढ़ पहुंचने की संभावना है, जो पंचमी टोंक पर दर्शन, पूजन एवं वंदन हेतु गिरनार पर्वत पर चढ़ाई करेंगे। इस धार्मिक आयोजन की गरिमा को ध्यान में रखते हुए फाउंडेशन ने स्थानीय प्रशासन से विशेष सहयोग की अपील की है।
फाउंडेशन के डायरेक्टर मनोज कुमार जैन द्वारा हस्ताक्षरित पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस कार्यक्रम में भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष जंबू प्रसाद जैन, विश्व जैन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय जैन, और कई प्रमुख संत, विद्वान व श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे, जिसके दृष्टिगत प्रशासन का सहयोग अत्यंत आवश्यक है। यह पत्र गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल को संबोधित है तथा इसकी प्रतिलिपि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी प्रेषित की गई है।भगवान महावीर देशना फाउंडेशन ने श्रद्धालुओं की भावनाओं और आयोजन की मर्यादा को बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित कराने की दिशा में सरकार से तत्काल कार्रवाई और मार्गदर्शन की अपील की है।



