Delhi Flyover Accident:आनंद विहार फ्लाईओवर पर पेड़ से टकराकर युवक की मौत, सरकारी लापरवाही बनी सवालों के घेरे में
दिल्ली में सरकारी लापरवाही एक बार फिर एक जान ले गई। मंगलवार सुबह आनंद विहार फ्लाईओवर पर हुए दर्दनाक हादसे में 39 वर्षीय गुरदीप की जान चली गई। मृतक सीमापुरी की जेजे कॉलोनी का निवासी था और रोज की तरह अपनी बाइक से कहीं जा रहा था, लेकिन किसे पता था कि रास्ते में खड़ा एक पेड़ उसकी जान ले लेगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरदीप तेज रफ्तार में फ्लाईओवर से गुजर रहा था, जब अचानक उसकी बाइक फ्लाईओवर के बीचोंबीच खड़े एक पुराने पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गुरदीप ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मदद को दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इस फ्लाईओवर पर पहले भी इसी तरह के हादसे हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि फ्लाईओवर के निर्माण के समय पेड़ों को हटाने की बजाय उन्हें बीच में ही छोड़ दिया गया, जो आज खतरे का कारण बन चुके हैं। लोगों ने कई बार प्रशासन से शिकायत की, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।
हादसे के बाद एक बार फिर स्थानीय प्रशासन और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद न तो इन पेड़ों को हटाया गया और न ही कोई चेतावनी चिन्ह लगाए गए, जिससे दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
इस घटना ने राजधानी दिल्ली में बुनियादी ढांचे की खामियों और सरकारी लापरवाही को उजागर कर दिया है। जब तक हादसे होते रहते हैं, तब तक कोई कार्रवाई नहीं होती। लोगों की जान जाने के बाद भी व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं आता।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, इस जांच से पहले भी कई हादसों की फाइलें धूल खा रही हैं और लोग उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार शायद कोई ठोस कार्रवाई हो सके।



