फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियल एरिया में शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विशेष सफाई अभियान, विधायक संजय गोयल एवं पार्षद पंकज लूथरा भी पहुंचे
नई दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ) : दिल्ली के ऐतिहासिक एवं प्रतिष्ठित औद्योगिक क्षेत्र फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियल एरिया के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज एक भव्य एवं विशेष सफाई अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान शाहदरा के जिलाधिकारी एस. एस. परिहार, एस.डी.एम. पूनम, शाहदरा विधायक संजय गोयल, पार्षद पंकज लूथरा, नगर निगम दिल्ली के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता से, तथा फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियल एरिया एसोसिएशन के संयुक्त प्रयासों से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शताब्दी वर्ष के इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित इस विशेष सफाई अभियान का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्र में स्वच्छता, अनुशासन, सुव्यवस्था एवं सौंदर्यीकरण को सुदृढ़ करना रहा। यह अभियान केवल एक दिन की गतिविधि नहीं, बल्कि प्रशासन, नगर निगम और उद्योग जगत के बीच सहयोग, समन्वय और सामूहिक जिम्मेदारी का सशक्त उदाहरण भी बना। इस अवसर पर चेयरमैन डॉ. अनिल गुप्ता, प्रेसिडेंट हरीश गर्ग एवं महासचिव विनीत जैन के नेतृत्व में एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी, सदस्य एवं क्षेत्र के उद्यमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अभियान में अमित जैन, रोहित जिंदल, राजेश जैन, राजीव अग्रवाल, नवीन बंसल सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। सभी उद्यमियों ने अपनी-अपनी फैक्ट्रियों के बाहर स्वयं आगे बढ़कर साफ़-सफ़ाई एवं पानी से धुलाई करवाई, जिससे पूरा औद्योगिक क्षेत्र स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक दिखाई दिया। सफाई अभियान के दौरान फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियल एरिया की प्रमुख सड़कों, आंतरिक गलियों, नालियों, सार्वजनिक स्थलों तथा फैक्ट्रियों के आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सफाई कार्य किया गया। नगर निगम दिल्ली के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता से यह कार्य अत्यंत प्रभावी, तेज़ और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। नगर निगम द्वारा आवश्यक संसाधन, सफाई वाहन एवं तकनीकी सहयोग भी उपलब्ध कराया गया, जिससे अभियान को व्यापक सफलता मिली। इस अवसर पर डी.एम. एस. एस. परिहार ने कहा कि फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियल एरिया पिछले 100 वर्षों से दिल्ली के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता आ रहा है। शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित यह सफाई अभियान प्रशासन, नगर निगम और उद्योगों के बीच बेहतर तालमेल का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने उद्यमियों से अपील की कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखें, बल्कि इसे नियमित और निरंतर प्रक्रिया के रूप में अपनाएं। एसडीएम सुश्री पूनम ने कहा कि स्वच्छता, व्यवस्था और अनुशासन किसी भी औद्योगिक क्षेत्र की पहचान होते हैं। जब प्रशासन और उद्योग मिलकर कार्य करते हैं, तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे समाज पर पड़ता है।



