Home देश दुनिया Lucknow Airport Incident: लखनऊ एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, डिंपल यादव समेत...

Lucknow Airport Incident: लखनऊ एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, डिंपल यादव समेत 151 यात्रियों की जान बची

0
90

Lucknow Airport Incident: लखनऊ एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, डिंपल यादव समेत 151 यात्रियों की जान बची

लखनऊ एयरपोर्ट पर शनिवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट (6E-2111) को टेकऑफ से ठीक पहले रोकना पड़ा। विमान में कुल 151 यात्री सवार थे, जिनमें समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी और मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव भी शामिल थीं। घटना ने यात्रियों को कुछ समय के लिए दहशत में डाल दिया, लेकिन पायलट की सूझबूझ से सभी सुरक्षित रहे।

रनवे पर दौड़ रहा था विमान, अचानक लगा ब्रेक

घटना सुबह 11:10 बजे हुई, जब इंडिगो की फ्लाइट दिल्ली के लिए उड़ान भरने की तैयारी कर रही थी। विमान रनवे पर पूरी रफ्तार से दौड़ रहा था, तभी अचानक पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। यात्रियों ने बताया कि उन्हें तेज आवाज सुनाई दी और विमान हवा में उठने से पहले ही अचानक झटका खाकर रुक गया। इस वजह से यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

थ्रस्ट न मिलने से रोका गया टेकऑफ

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, विमान को टेकऑफ के लिए जरूरी थ्रस्ट यानी इंजन का पर्याप्त दबाव नहीं मिल पा रहा था। यह स्थिति पायलट के लिए खतरनाक संकेत थी। ऐसे हालात में अगर विमान उड़ान भरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को “अबेंडिंग टेकऑफ” की सूचना दी और विमान को टैक्सी-वे से वापस ले जाकर बे-07 पर खड़ा कर दिया।

यात्रियों को सुरक्षित भेजा गया दिल्ली

इंडिगो एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा कि तकनीकी कारणों से उड़ान को रोकना पड़ा। यात्रियों की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और बाद में दूसरी फ्लाइट से दिल्ली रवाना किया गया।

यात्रियों ने कहा- भगवान ने बचा लिया

कई यात्रियों ने घटना के बाद राहत की सांस ली। एक यात्री ने कहा, “हम सभी की जान भगवान ने बचा ली। अगर विमान हवा में जाता और इंजन ने जवाब दे दिया तो हादसा बहुत बड़ा हो सकता था।”

DGCA ने मांगी रिपोर्ट

डायरेक्ट्रेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने इस घटना पर इंडिगो से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि टेकऑफ रोकने की वास्तविक वजह क्या थी और क्या विमान की तकनीकी जांच समय पर की गई थी।

क्या है अबेंडिंग टेकऑफ?

जब विमान उड़ान भरने के लिए रनवे पर दौड़ता है और अचानक किसी तकनीकी खराबी, असामान्य आवाज या इंजन की गड़बड़ी के कारण टेकऑफ रद्द करना पड़ता है, तो इसे “अबेंडिंग टेकऑफ” कहा जाता है। इसमें पायलट तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर विमान को रोक देता है ताकि हादसे से बचा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here