Barabanki Bus Accident: बाराबंकी में चलती बस पर गिरा विशाल पेड़, पांच की मौत, महिला यात्री की गुहार ने झकझोरा दिल

0
33

Barabanki Bus Accident: बाराबंकी में चलती बस पर गिरा विशाल पेड़, पांच की मौत, महिला यात्री की गुहार ने झकझोरा दिल

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शुक्रवार को बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया जब यात्रियों से भरी रोडवेज बस पर अचानक एक भारी-भरकम पेड़ आ गिरा। इस हृदयविदारक हादसे में चार महिलाओं समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। घायलों में दो की हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना बाराबंकी-हैदरगढ़ मार्ग पर हरख राजा बाजार के पास की है, जहां मूसलाधार बारिश के बीच सड़क से गुजर रही एक बस अचानक पेड़ गिरने की चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कुछ लोग जान बचाने के लिए बस की खिड़कियों से कूद गए, जबकि कई यात्री अंदर फंसे रह गए।

हादसे के बाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। जेसीबी की मदद से पेड़ को काटकर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। बारिश के चलते राहत एवं बचाव कार्य में बाधाएं आईं, जिससे बचाव अभियान में देरी हुई।

इस दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एक वीडियो हादसे की संवेदनहीन तस्वीर भी दिखा गया। वीडियो में देखा गया कि एक महिला यात्री बस के भीतर पेड़ की टहनियों में फंसी हुई थी और लोग उसका वीडियो बना रहे थे। इस पर महिला ने गुस्से में कहा, “यहां जिंदगी और मौत का सवाल है और आप वीडियो बना रहे हैं। पेड़ की डाल हटाने में मदद करते तो हम बाहर निकल सकते थे।” महिला की यह पीड़ा सुनकर वहां मौजूद लोगों ने वीडियो बना रहे युवक को वहां से हटा दिया।

इस घटना में मृतकों में एक महिला शिक्षक भी शामिल हैं, जो ट्रेनिंग पर छुट्टी के बावजूद ब्लॉक ऑफिसर के आदेश पर स्कूल जा रही थीं। मृतकों में बस चालक का नाम भी शामिल है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पेड़ काफी पुराना था और बारिश में उसकी जड़ें कमजोर हो गई थीं, जिससे वह अचानक सड़क पर गिर पड़ा। बस बाराबंकी से हैदरगढ़ जा रही थी और पूरी तरह यात्रियों से भरी हुई थी।

प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया है और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की गई है। हादसे के बाद यातायात अब सामान्य हो गया है, लेकिन स्थानीय लोग इस दर्दनाक हादसे को लेकर प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here