Home देश दुनिया UP Encounter: उत्तर प्रदेश: रामपुर में मुठभेड़ के दौरान एक लाख का...

UP Encounter: उत्तर प्रदेश: रामपुर में मुठभेड़ के दौरान एक लाख का इनामी हिस्ट्रीशीटर ज़ुबैर ढेर

0
48

UP Encounter: उत्तर प्रदेश: रामपुर में मुठभेड़ के दौरान एक लाख का इनामी हिस्ट्रीशीटर ज़ुबैर ढेर

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में शुक्रवार देर रात पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक लाख रुपये का इनामी बदमाश ज़ुबैर उर्फ कालिया ढेर हो गया। गोरखपुर और आसपास के जिलों में हत्या, गौकशी और अन्य गंभीर अपराधों में वांछित ज़ुबैर पर लंबे समय से पुलिस का शिकंजा कसने की कोशिश चल रही थी।

जानकारी के मुताबिक, थाना गंज क्षेत्र के चाकू चौक से मंडी जाने वाले मार्ग पर पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान ज़ुबैर ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें ज़ुबैर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ में थाना गंज के उपनिरीक्षक राहुल जादौन और कांस्टेबल संदीप कुमार भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।

पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के समय ज़ुबैर के साथ एक अन्य युवक भी बाइक पर था, जो अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

अधिकारियों ने पुष्टि की कि मारे गए बदमाश पर ₹1 लाख का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ हत्या, गौकशी, पशु क्रूरता, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी जैसे गंभीर अपराधों में 18 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। पुलिस रिकॉर्ड में वह हिस्ट्रीशीटर नंबर 70B के रूप में दर्ज था। उसका आपराधिक नेटवर्क रामपुर से लेकर गोरखपुर और बलरामपुर तक फैला हुआ था।

घटना के बाद क्षेत्राधिकारी नगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के इलाके में गश्त बढ़ा दी है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न हो। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि कानून व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि लंबे समय से इलाके में जुबैर का खौफ बना हुआ था। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह मुठभेड़ अपराध के खिलाफ सरकार की ज़ीरो टॉलरेंस नीति का नतीजा है और अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here