Patna Road Accident: पटना में भीषण सड़क हादसा: ट्रक में घुसी कार, पांच कारोबारियों की दर्दनाक मौत
पटना में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। परसा बाजार थाना क्षेत्र के महोली फ्लाईओवर के नीचे हुई इस दुर्घटना में पांच कारोबारियों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रात करीब एक बजे कीटनाशक और कृषि उत्पादों से जुड़े पांच कारोबारी फतुहा से पटना लौट रहे थे। उनकी कार अचानक तेज रफ्तार में आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सीधे ट्रक के अंदर जा घुसी और करीब 25 मीटर तक ट्रक कार को घसीटता हुआ आगे बढ़ता रहा।
स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गैस कटर की मदद से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी शव कार के अंदर ही फंसे रहे। मृतकों की पहचान राजेश कुमार (कुर्जी), संजय कुमार सिन्हा (पटेलनगर), कमल किशोर, प्रकाश चौरसिया और सुनील कुमार के रूप में हुई है। सभी लोग कृषि उत्पाद और कीटनाशक व्यवसाय से जुड़े थे और पटना लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।
मृतक राजेश कुमार के भाई ने बताया कि सभी कारोबारी एक साथ बिहटा-सरमेरा रोड होते हुए पटना आ रहे थे। अचानक से कार ने आगे चल रहे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक को कार के घुसने का पता तक नहीं चला और वह कुछ दूरी तक वाहन चलाता रहा। बाद में अन्य वाहनों ने ट्रक को रुकवाया और पुलिस को सूचना दी।
मनेर थाना प्रभारी मेनका रानी ने बताया कि यह हादसा संभवत: तेज रफ्तार के कारण हुआ। सड़क पर अचानक हुए इस हादसे ने परिवार और व्यावसायिक जगत में गहरा शोक फैला दिया है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।



