By Election 2025: चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर 19 जून को उपचुनाव, नतीजे 23 को
भारतीय चुनाव आयोग ने चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। ये उपचुनाव गुजरात, केरल, पंजाब और पश्चिम बंगाल में होंगे, जिनके लिए मतदान की तिथि 19 जून निर्धारित की गई है। मतगणना 23 जून को होगी। निर्वाचन आयोग के अनुसार इन पांचों सीटों पर उपचुनाव इसलिए कराया जा रहा है क्योंकि या तो वहां के जनप्रतिनिधियों का निधन हो गया है या उन्होंने इस्तीफा दे दिया है।
चुनाव आयोग की ओर से बताया गया है कि उपचुनाव के लिए अधिसूचना 26 मई को जारी की जाएगी। उम्मीदवार 2 जून तक अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं और नामांकन पत्रों की जांच 3 जून को की जाएगी। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 5 जून तय की गई है। पूरी चुनावी प्रक्रिया 25 जून से पहले पूरी कर ली जाएगी।
गुजरात की दो सीटें—कादी और विसावदर—इन उपचुनाव में शामिल हैं। कादी सीट भारतीय जनता पार्टी के विधायक करसनभाई पंजाभाई सोलंकी के निधन के बाद खाली हुई थी। वहीं विसावदर सीट आम आदमी पार्टी के विधायक भयानी भूपेंद्रभाई गंदूभाई के इस्तीफे के चलते खाली हुई।
केरल की नीलांबुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव पीवी अनवर के इस्तीफे के कारण कराया जा रहा है। पंजाब की लुधियाना सीट पर कांग्रेस विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के निधन के चलते उपचुनाव कराना पड़ा है। वहीं पश्चिम बंगाल की कालीगंज विधानसभा सीट पर तृणमूल कांग्रेस के विधायक नसीरुद्दीन अहमद के निधन के बाद उपचुनाव की आवश्यकता पड़ी है।
इन उपचुनावों को आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी और जनमानस के रुख के परीक्षण के तौर पर भी देखा जा रहा है। सभी प्रमुख राजनीतिक दल इन सीटों पर मजबूती से चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में जुट चुके हैं।



