Heavy Rain Delhi: दिल्ली-एनसीआर में आंधी और मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, 100 से अधिक उड़ानें प्रभावित
रविवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने राजधानी और आसपास के इलाकों में जनजीवन को बुरी तरह से प्रभावित कर दिया। दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम समेत पूरे क्षेत्र में सुबह से ही तेज हवाओं और भारी बारिश ने लोगों को चिलचिलाती गर्मी से तो राहत दी, लेकिन जलनिकासी की खस्ताहाल व्यवस्था ने मुसीबतें भी बढ़ा दीं।
बारिश के कारण दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। मिंटो रोड, मोतीबाग, सुब्रतो पार्क, चाणक्यपुरी, द्वारका फ्लाईओवर और एयरपोर्ट टर्मिनल-1 के आसपास के क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भर गया। मिंटो रोड पर एक कार पूरी तरह से पानी में डूब गई, जबकि एयरपोर्ट रोड पर भी गाड़ियों को रेंग-रेंग कर चलना पड़ा।
आईटीओ और धौला कुआं जैसे प्रमुख ट्रैफिक पॉइंट्स पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। पानी भरने के कारण ट्रैफिक धीमा पड़ा और जाम की स्थिति बन गई। वहीं वसंत कुंज के अरोड़ा आसफ अली मार्ग पर एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। इलाके में स्ट्रीट लाइटें भी बंद पड़ी रहीं, जिससे स्थिति और ज्यादा खराब हो गई।
तेज बारिश और आंधी-तूफान का असर हवाई यात्रा पर भी पड़ा। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर 100 से अधिक उड़ानों पर असर पड़ा। इनमें से 25 से ज्यादा उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि कई फ्लाइट्स देरी से रवाना हुईं। एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से सुबह एक एडवाइजरी जारी कर यात्रियों को फ्लाइट स्टेटस चेक करने और एयरलाइन से संपर्क में रहने की सलाह दी गई।
तेज हवाओं और बारिश की वजह से कई इलाकों में पेड़ और टहनियां बिजली लाइनों पर गिर गईं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। खासकर उत्तरी दिल्ली के बवाना, नरेला, जहांगीरपुरी, सिविल लाइंस, शक्ति नगर, मॉडल टाउन, वजीराबाद, धीरपुर और बुराड़ी जैसे इलाकों में बिजली जाने की खबरें हैं। टाटा पावर डीडीएल के अनुसार, सुरक्षा कारणों से कुछ क्षेत्रों में अस्थायी रूप से बिजली की आपूर्ति रोकी गई है।
दिल्ली में एक ओर जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर अव्यवस्थित जलनिकासी, ट्रैफिक जाम, बिजली कटौती और हवाई उड़ानों की अव्यवस्था ने राजधानीवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में भी हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है।


