समाजवादी पार्टी नेता स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा रामचरित मानस की कुछ चौपाइयों को कथित तौर पर भेदभाव वाला बताने के एक दिन बाद अखिल भारत हिंदू महासभा के स्थानीय नेता ने सोमवार को उनकी जीभ ‘काटने’ वाले को 51 हजार रुपये बतौर इनाम देने की घोषणा की। महासभा के आगरा जिला प्रभारी सौरभ शर्मा ने कहा, ‘‘कोई भी साहसी व्यक्ति अगर सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य की जीभ काट देता है तो उसे 51 हजार रुपये का चेक बतौर इनामी राशि दी जाएगी। उन्होंने हमारे धार्मिक ग्रंथ का अपमान किया है और हिंदुओं की भावना आहत की है।’’
इस बीच, अखिल भारत हिंदू महासभा के सदस्यों ने मौर्य के बयान के विरोध में सोमवार को आगरा में उनकी सांकेतिक अर्थी निकाली और उनके पुतले को यमुना में फेंक दिया। हिंदूवादी संगठन के जिला प्रभारी सौरभ शर्मा ने कहा है कि स्वामी प्रसाद मौर्य को आगरा की धरती पर पैर नहीं रखने देंगे। उन्होंने एलान किया है कि अगर कोई स्वामी प्रसाद मौर्य की जीभ काटकर लाएगा उसे 51 हजार का चेक दिया जाएगा। इससे पहले रविवार को सपा एमएलसी ने रामचरितमानस पर विवादित बयान दिया था। मौर्य ने तुलसीदास द्वारा रचित रामचरितमानस के कुछ हिस्सों पर यह कहते हुए पाबंदी लगाने की मांग की है कि उनसे समाज के एक बड़े तबके का जाति, वर्ण और वर्ग के आधार पर अपमान होता है।



