जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में सोमवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 2 आतंकवादी मारे गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा बलों ने दक्षिण कश्मीर जिले के तंगपावा इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की विशेष सूचना मिलने के बाद रविवार देर रात घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि जब सुरक्षा बल इलाके में तलाशी ले रहे थे, तब उग्रवादियों ने उन पर गोलियां चला दीं। कई बार आत्मसमर्पण के मौके दिए जाने के बाद भी आतंकी लगातार फायरिंग करते रहे। अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के बाद बलों ने जवाबी कार्रवाई की। सुरक्षा बलों ने इलाके में प्रवेश और निकास के सभी रास्ते सील कर दिए हैं। गोलीबारी में सोमवार की सुबह दो आतंकवादी मारे गए, मारे गए उग्रवादियों की पहचान और समूह से जुड़े होने का पता लगाया जा रहा है। वहीं इससे पहले पिछले दिनों जम्मू कश्मीर के शोपियां में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई थी। द्राच में हुई इस मुठभेड़ में प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 3 स्थानीय आतंकी मारे गए। मारे गए आतंकी हनान बिन याकूब और जमशेद हालही में हुई एसपीओ जावेद डार की हत्या में शामिल थे। ये हत्या 2 अक्टूबर को पुलवामा के पिंगलाना में हुई थी। इससे पहले 24 सितंबर को पश्चिम बंगाल के एक लेबर की भी पुलवामा में हत्या हुई थी। उसमें भी ये शामिल थे। मूलू में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच दूसरी मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में भी एक लोकल आतंकी के मारे जाने की खबर है। इस बात की जानकारी ADGP कश्मीर विजय कुमार ने दी है।
कश्मीर में लगातार हो रहा आतंकियों का सफाया
इससे पहले जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। ये मुठभेड़ बारामूला के पाटन इलाके के विद्दीपोरा में हुई थी। इसके अलावा शोपियां जिले के चित्रगाम इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। वहीं कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद के 2 आतंकियों को मार गिराया था। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया था कि सुरक्षाबलों को कुलगाम के अहवाटू इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। जिसके बाद वहां घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया था। वहीं बीते सोमवार को भी कुलगाम के ही बटपुरा गांव में मुठभेड़ हुई थी, जिसमें सुरक्षाबलों ने जैश ए मोहम्मद के एक आतंकी को मार गिराया था। पुलिस ने बताया था कि जिले के बटपुरा गांव में मुठभेड़ में दो नागरिक और एक जवान भी घायल हो गया था।



