मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा की बेटी का एक वीडियो वायरल हो रहा था। कथित तौर पर उन्होंने एक डॉक्टर को थप्पड़ मारा था। अब सीएम ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथंगा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कहा कि वह अपनी बेटी के द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के लिए माफी मांगते है और इस व्यवहार को किसी भी तरह उचित नहीं ठहरा सकते। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरी बेटी ने भी अपने बुरे व्यवहार के लिए डॉक्टर के पास जाकर माफी मांग ली है। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री की बेटी मिलारी छांगते का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसमें वह एक डॉक्टर को थप्पड़ मार रही थीं। इस घटना से डॉक्टरों में रोष हैं। शनिवार को 800 से ज्यादा डॉक्टरों ने कथित हमले की निंदा करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में से एक डॉक्टर ने कहा कि छांगते ने आइजोल स्थित चर्म रोग विशेषज्ञ पर हमला किया था। डॉक्टर ने छांगते से कहा कि उन्हें क्लीनिक पर अप्वाइंटमेंट लेकर आना चाहिए था, तभी इलाज किया जाएगा। बस इसी बात से नाराज होकर मिलारी ने डॉक्टर को थप्पड़ जड़ दिया। आईएमए की मिजोरम इकाई ने बयान में कहा, हम चाहते हैं कि डॉक्टरों के साथ इस तरह का व्यवहार दोबारा न हो।



