Public Examination Bill 2026: संशोधन विधेयक के पास होने से देश की परीक्षा प्रणाली मजबूत होगी : मुकेश बंसल
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 संसद से पारित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो साझा कर इसे एक ऐतिहासिक कदम बताया। इसी विषय पर बात करते हुए कर्दमपुरी वार्ड के निगम पार्षद मुकेश बंसल ने कहा कि इस बिल के पास होने से देश की परीक्षा प्रणाली मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि लोकसभा के बाद अब ये बिल राज्यसभा से भी पास हो गया है और यह विधेयक अब राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद कानून बन जाएगा। श्री बंसल ने कहा कि इस बिल के जरिए सरकार नकल माफियाओं पर लगाम लगाने की तैयारी में है।
उन्होंने बताया कि इस नए विधेयक के तहत अनुचित साधनों के इस्तेमाल पर कम से कम 5 साल और अधिकतम 10 वर्ष की सजा और 50 लाख रुपये तक जुर्माने की सजा है और संगठित अपराध में सजा कम से कम 7 साल और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रस्ताव है। श्री बंसल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक नया वीडियो संदेश जारी किया है जिसमें उन्होंने कहा कि पेपर लीक करने वाले गिरोह, जो देश के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करते हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने आगे कहा कि पेपर लीक को रोकने के लिए कठोर कानूनों की जरूरत है और इसी उद्देश्य से हम संसद में बिल लेकर गए थे और जैसा मैंने आपसे वादा किया था, दोनों ही सदनों ने कठोर प्रावधानों वाले इस बिल को पास कर दिया है। श्री बंसल ने कहा कि इस बिल के पास होने से विश्वस्त परीक्षा पद्धति की ओर एक बहुत ही महत्वपूर्ण काम पूरा हुआ है। उन्होंने कहा की पेपर लीक को रोकने के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह से प्रयासरत है।



