Gurmeet Singh Sura: पार्टी की विचारधारा को सर्वोपरि रखते हुए पूर्ण समर्पण भाव से कार्य करूँगा : गुरमीत सिंह सूरा
नई दिल्ली (स्पर्श भारद्वाज ) : भाजपा ने अपनी नई प्रदेश टीम की घोषणा कर दी है। वहीं कुछ नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। नई टीम में गुरमीत सिंह सूरा को प्रदेश संगठन में मंत्री पद की अहम जिम्मेदारी मिली है। मल्होत्रा ने एक बयान में कहा कि ये नियुक्तियां राष्ट्रीय नेतृत्व से उचित सलाह-मशविरे और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की मंजूरी के बाद की गई हैं। इस अवसर पर सिख नेता गुरमीत सिंह सूरा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व नितिन नवीन, अमित शाह तथा हर्ष मल्होत्रा द्वारा मुझे प्रदेश संगठन में मंत्री नियुक्त किए जाने पर मैं स्वयं को गौरवान्वित एवं कृतज्ञ महसूस कर रहा हूँ। दिल्ली प्रदेश बीजेपी संगठन से जुड़े गुरमीत सिंह सूरा भारतीय जनता पार्टी के एक प्रमुख सिख नेता है। वह पूर्व में दिल्ली प्रदेश सिख प्रकोष्ठ के सह प्रभारी, पश्चिम जिला के पूर्व सह प्रभारी तथा विशेष कार्यकारिणी सदस्य रह चुके हैं। कोविड के दौरान उन्होंने दिल्ली में संक्रमित परिवारों के घरों तक भोजन पहुंचाने की व्यवस्था शुरू की थी। उन्होंने कहा, मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, गृह मंत्री अमित शाह तथा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने मुझ पर विश्वास व्यक्त करते हुए मुझे यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा। गुरमीत सिंह सूरा ने कहा कि यह दायित्व मेरे लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि संगठन, राष्ट्र और जनसेवा के प्रति अपनी निष्ठा, समर्पण एवं प्रतिबद्धता को और अधिक सशक्त रूप से निभाने का अवसर है। मैं भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा, संगठन की मर्यादा एवं जनसेवा के संकल्प को सर्वोपरि रखते हुए पूर्ण समर्पण भाव से कार्य करूँगा।



