Punjab Women Scheme: आम आदमी पार्टी भाजपा की तरह हवा हवाई झूठे वादे नहीं करती : मोहिनी जीनवाल
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार महिलाओं को आर्थिक मदद की योजना पर अमल करने जा रही है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि एक जुलाई से महिलाओं के खाते में पैसे आने शुरू हो जाएंगे जिसके बाद अरविंद केजरीवाल ने महिलाओं को बधाई दी है। इसी विषय पर बात करते हुए आम आदमी पार्टी की निगम पार्षद मोहिनी जीनवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी, आम जनता की पार्टी है और आप भाजपा की तरह हवा हवाई, झूठे वादे नहीं करती बल्कि जो वादे करती है, उन्हें पूरा भी जरूर करती है। उन्होंने कहा कि मैं पंजाब की महिलाओं को बहुत बहुत शुभकामनाएं देती हूं। मोहिनी जीनवाल ने बताया कि सामान्य वर्ग की पात्र महिलाओं को 1000 रुपए प्रति माह और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1500 रुपए प्रति माह दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि योजना की शुरुआत में 3 महीने के पैसे एक साथ सीधे महिलाओं के बैंक खातों में जमा किए जाएंगे जिससे सामान्य वर्ग की महिलाओं को 3000 रुपए और एससी वर्ग की महिलाओं को 4500 रुपए मिलेंगे। मोहिनी जीनवाल ने कहा की भारतीय जनता पार्टी को आम आदमी पार्टी से कुछ सीखना चाहिए और जनता से झूठे वादे करने के बजाय चुनाव के दौरान जो वादे भाजपा ने दिल्ली की जनता से किए थे उन वादों को पूरा करने के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब से दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है भाजपा ने दिल्ली की जनता से किए अपने वादों में से एक वादा भी पूरा नहीं किया और बल्कि भारतीय जनता पार्टी दिल्ली की जनता को हर बात पर, हर वादे पर भ्रमित करने की कोशिश कर रही है। मोहिनी जीनवाल ने कहा कि जब दिल्ली की सत्ता पर आम आदमी पार्टी थी तब तो भाजपा आम आदमी पार्टी के ऊपर बड़े आरोप लगाती थी कि आम आदमी पार्टी जलभराव को नहीं रोक सकती, प्रदूषण को कम नहीं कर सकती लेकिन अब जब भाजपा खुद दिल्ली की सत्ता पर बैठ गई है तो भाजपा के राज में जलभराव की समस्या और अधिक हुई है, प्रदूषण को रोकना तो बहुत दूर की बात है भाजपा तो प्रदूषण को नियंत्रित करने में ही पूरी तरह से विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस बात को नहीं जानती कि किसी अन्य पर आरोप प्रत्यारोप लगाना बहुत आसान है लेकिन खुद धरातल पर लोगों के लिए काम करना बहुत मुश्किल।



