Bangladesh: बांग्लादेश में मंदिर के केयरटेकर का शव पेड़ से लटका मिला, मौत को लेकर रहस्य बरकरार, जांच जारी
बांग्लादेश: चटोग्राम जिले में एक हिंदू मंदिर के केयरटेकर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। लापता होने के तीन दिन बाद 40 वर्षीय नयन साधु का शव एक पेड़ से लटका हुआ मिला, जिसके बाद इलाके में चिंता और आक्रोश का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या है या हत्या।
जानकारी के अनुसार, नयन साधु चटोग्राम के दोहाजारी क्षेत्र के निवासी थे और शिवकाली मंदिर में केयरटेकर के रूप में कार्यरत थे। स्थानीय लोगों और पुलिस के मुताबिक, 19 अप्रैल की शाम दो अज्ञात व्यक्ति उन्हें अपने साथ ले गए थे, जिसके बाद वह लापता हो गए।
तीन दिन बाद उनका शव गांव के बाहरी इलाके में स्थित एक पहाड़ी क्षेत्र में पेड़ से लटका हुआ बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि शव सड़ने की स्थिति में था, जिससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि घटना को कुछ समय बीत चुका था।
इस घटना को लेकर Bangladesh Hindu Buddhist Christian Unity Council ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि एक साधारण मंदिर के केयरटेकर की इस तरह मौत बेहद चिंताजनक है।
वहीं Bangladesh Puja Celebration Council की कॉक्स बाजार इकाई के महासचिव जॉनी धर ने कहा कि नयन के लापता होने के तीन दिन बाद शव का मिलना इस ओर संकेत करता है कि यह हत्या का मामला हो सकता है।
समाचार एजेंसी Press Trust of India (PTI) के अनुसार, यूनिटी काउंसिल के वरिष्ठ सदस्य काजल देबनाथ ने कहा कि यह समझ से परे है कि एक दूरदराज के छोटे मंदिर के केयरटेकर को निशाना बनाने के पीछे क्या कारण हो सकता है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के सही कारण का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। मृतक की पत्नी ने 19 अप्रैल को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद से ही जांच शुरू कर दी गई थी।
इससे पहले भी काउंसिल ने दावा किया था कि इस वर्ष 1 जनवरी से 31 मार्च के बीच बांग्लादेश में सांप्रदायिक हिंसा की 133 घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिससे अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।



