Home मनोरंजन Delhi music concert 2026: उस्ताद आशिक अली ख़ान आर्ट एंड म्यूजिक चैरिटेबल...

Delhi music concert 2026: उस्ताद आशिक अली ख़ान आर्ट एंड म्यूजिक चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा भव्य संगीत समारोह का आयोजन

0
83

Delhi music concert 2026: उस्ताद आशिक अली ख़ान आर्ट एंड म्यूजिक चैरिटेबल
ट्रस्ट द्वारा भव्य संगीत समारोह का आयोजन

नई दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ) : उस्ताद आशिक़ अली ख़ान आर्ट एंड म्यूज़िक चैरिटेबल ट्रस्ट दिल्ली द्वारा वसंत कुंज स्थित इंडियन स्पाइनल इंजरीज़ सेंटर ऑडिटोरियम में एक भव्य एवं सांस्कृतिक गरिमा से ओत-प्रोत संगीत समारोह एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ ट्रस्ट के अध्यक्ष अशरफ़ अली ख़ान द्वारा सभी विशिष्ट अतिथियों, कलाकारों एवं उपस्थित श्रोताओं के हार्दिक स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर उन्होंने भारत की महान एवं सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोसले जी को दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की, जिससे वातावरण भावुक एवं श्रद्धामय हो उठा। कार्यक्रम का संचालन नीतू एवं मणिक ने अत्यंत प्रभावशाली, सुसंयोजित एवं आकर्षक शैली में किया, जिसने पूरे आयोजन को निरंतरता एवं गरिमा प्रदान की। दीप प्रज्वलन समारोह मुख्य अतिथि पद्मश्री प्रोफेसर भरत गुप्त एवं विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त श्रम आयुक्त राजेन्द्र धर द्वारा संपन्न किया गया, जिसने कार्यक्रम को औपचारिक शुभारंभ प्रदान किया।

संगीतमय संध्या की शुरुआत कलासंगम के सुमधुर समूहगान से हुई, जिसने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इसके पश्चात स्वर साधना केंद्र, जनकपुरी के कलाकारों ने पंडित अरविंद कुमार जी के निर्देशन में प्रभावशाली समूहगान प्रस्तुत किया, जिसमें तबले पर संगत पंडित राजेश गंगानी जी द्वारा दी गई। गुरु कनिका एवं उनके विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत शिव वंदना ने कार्यक्रम को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। इसके बाद श्री विजय कुमार जी ने अपनी मधुर गायकी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिनके साथ तबले पर अरीब अली खान एवं सारंगी पर श्री मोहम्मद जुनैद ने उत्कृष्ट संगत दी। शीर्ष श्रेणी के ग़ज़ल गायक जितेन्द्र सिंह ने अपनी अद्वितीय प्रस्तुति से समां बाँध दिया, वहीं प्रसिद्ध गायक जयप्रकाश शर्मा ने भी अपनी ग़ज़लों के माध्यम से दर्शकों की भरपूर वाहवाही प्राप्त की। उनके साथ तबले पर राहुल विश्वकर्मा एवं कीबोर्ड पर प्रवीण कुमार ने सराहनीय संगत की। प्रसिद्ध गायिका एवं सा रे गा मा लिटिल चैम्प्स की प्रतिभागी वसुंधरा रतूड़ी ने अपनी मधुर एवं प्रभावशाली प्रस्तुति से श्रोताओं के हृदय को स्पर्श किया। उनके साथ तबले पर अरीब अली खान एवं सारंगी पर जनाब मोहम्मद जुनैद ने संगत की। इसके उपरांत मोहम्मद अयान ने शास्त्रीय संगीत की उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया, जिनके साथ सारंगी पर जनाब शहनवाज़ अली एवं तबले पर जाकिर वारसी ने प्रभावशाली संगत दी।

कार्यक्रम के समापन चरण में गौरव मित्तल द्वारा प्रस्तुत मनमोहक कथक नृत्य ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह के अंतर्गत “शिक्षाविद संगीत शिरोमणि सम्मान” मुख्य अतिथि द्वारा पंडित अरविंद कुमार एवं पंडित राजेश गंगानी को प्रदान किया गया। कार्यक्रम के अंत में सुभाष खन्ना द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने सभी अतिथियों, कलाकारों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन न केवल संगीत और संस्कृति के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा, बल्कि कलाकारों को एक सशक्त मंच प्रदान करने की दिशा में ट्रस्ट के सतत प्रयासों का परिचायक भी बना।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here