Lebanon war: लेबनान में ‘ब्लैक वेडनेसडे’, सीजफायर के बीच इजरायली हमलों से 250 से ज्यादा की मौत
लेबनान: मिडिल ईस्ट में तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है, जहां कथित सीजफायर के बीच इजरायली हमलों ने लेबनान को दहला दिया। बुधवार को हुए भीषण हवाई हमलों में 250 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई, जबकि 1100 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शांति प्रयासों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इजरायली सेना ने दावा किया है कि उसने Hezbollah के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा सैन्य अभियान चलाया है। राजधानी बेरूत, बेका घाटी और दक्षिणी लेबनान में सिर्फ 10 मिनट के भीतर 100 से अधिक ठिकानों को निशाना बनाया गया।
लेबनान की सिविल डिफेंस के अनुसार, अकेले बेरूत में 91 लोगों की मौत हुई है। हालात इतने खराब थे कि एम्बुलेंस की कमी के कारण घायलों को मोटरसाइकिलों और निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया।
इस हमले के बाद ईरान-अमेरिका के बीच हुए हालिया सीजफायर समझौते को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। इजरायल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने स्पष्ट किया है कि लेबनान इस समझौते का हिस्सा नहीं है और हिजबुल्लाह के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं Masoud Pezeshkian ने कहा कि लेबनान में संघर्ष विराम उनके समझौते की अहम शर्तों में शामिल था। दूसरी ओर हिजबुल्लाह का दावा है कि उन्हें सीजफायर का हिस्सा बताया गया था, लेकिन इजरायल ने हमला जारी रखकर समझौते का उल्लंघन किया।
हमलों के जवाब में हिजबुल्लाह ने उत्तरी इजरायल के मनारा क्षेत्र में रॉकेट दागे हैं और चेतावनी दी है कि जब तक हमले बंद नहीं होते, जवाबी कार्रवाई जारी रहेगी। ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने भी इजरायल को कड़ा जवाब देने की धमकी दी है।
इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि उनका देश किसी भी समय युद्ध में लौटने के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इजरायल ने ईरान के सैन्य और परमाणु ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया है और हिजबुल्लाह को खत्म करने का अभियान जारी रहेगा।
युद्ध के चलते लेबनान में हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। दक्षिणी लेबनान को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाले पुलों को भी नष्ट कर दिया गया है, जिससे कई इलाके पूरी तरह अलग-थलग पड़ गए हैं। अब तक 12 लाख से अधिक लोग विस्थापित हो चुके हैं, जिससे मानवीय संकट गहरा गया है।



