Ahmedabad: अहमदाबाद में चंडोला तालाब जमीन घोटाला: लल्ला पठान गिरफ्तार, बांग्लादेशियों को अवैध पनाह देने का बड़ा खुलासा

0
43

Ahmedabad: अहमदाबाद में चंडोला तालाब जमीन घोटाला: लल्ला पठान गिरफ्तार, बांग्लादेशियों को अवैध पनाह देने का बड़ा खुलासा

अहमदाबाद के चंडोला तालाब में हुए बड़े जमीन कब्जे और अवैध निर्माण मामले में क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी लल्ला पठान उर्फ लल्ला बिहारी को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। लल्ला पर आरोप है कि उसने तालाब की करीब 3 लाख स्क्वेयर मीटर जमीन पर मिट्टी भरवा कर 7 हजार से ज्यादा अवैध झोपड़ियां और मकान खड़े कर दिए थे। इनमें से अब तक 4 हजार निर्माणों को गिराया जा चुका है। यह मामला सिर्फ जमीन कब्जे का नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा और अवैध घुसपैठ से भी जुड़ चुका है, क्योंकि जांच में सामने आया है कि लल्ला ने इन घरों को बांग्लादेशी घुसपैठियों को किराए पर देकर पनाह दी थी।

क्राइम ब्रांच की जांच के मुताबिक लल्ला हर बांग्लादेशी परिवार से पहले 20 हजार रुपये लेकर फर्जी आधार कार्ड और किराए का एग्रीमेंट बनवाता था ताकि उन्हें स्थानीय नागरिक के तौर पर पहचान मिल सके। इसके बाद वह हर किराएदार से रोजाना 20 रुपये पानी के नाम पर वसूलता था और पार्किंग के लिए 125 रुपये प्रतिदिन लिया करता था। यानी लल्ला ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर न सिर्फ अवैध कॉलोनी खड़ी की, बल्कि उसे एक संगठित रैकेट की तरह चला रहा था।

पुलिस ने लल्ला के कब्जे से 9 लाख रुपये नकद, 250 ग्राम सोना, नकली दस्तावेज, लेटरहेड और पैसे गिनने की मशीन भी बरामद की है। उसके पास 4 आलीशान मकान और 4 गाड़ियां भी पाई गई हैं। पुलिस पहले ही लल्ला के बेटे फतेह महमूद को रिमांड पर ले चुकी है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार, लल्ला की तीन बीवियां और नौ बच्चे हैं। लल्ला पर पहले से भी दो आपराधिक केस दर्ज हैं, लेकिन इतने बड़े पैमाने पर जमीन कब्जा और फर्जी दस्तावेज के जरिए अवैध घुसपैठियों को बसाने का खुलासा पहली बार हुआ है।

अब तक क्राइम ब्रांच इस ऑपरेशन में 200 बांग्लादेशी नागरिकों को प्रस्थापित कर चुकी है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि लल्ला का नेटवर्क सिर्फ अहमदाबाद तक सीमित नहीं, बल्कि आसपास के इलाकों तक फैला हुआ है। गिरफ्तारी के बाद लल्ला से पूछताछ की जा रही है ताकि इस अवैध कब्जे और बांग्लादेशी घुसपैठियों की बसावट के पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here