वजीराबाद परियोजना के पास होने से पानी की आपूर्ति बेहतर होगी : डॉ यू के चौधरी
नई दिल्ली ( शिवा कौशिक ) : दिल्ली की लंबे समय से प्रतीक्षित वज़ीराबाद जल आपूर्ति सुधार परियोजना ने एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया है। आर्थिक कार्य विभाग (डीईए) की स्क्रीनिंग कमेटी ने वज़ीराबाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट कमांड एरिया के लिए 2,574 करोड़ रुपए की एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) सहायता प्राप्त परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है। इसी विषय पर बात करते हुए भाजपा उत्तर पूर्वी जिला अध्यक्ष डॉ यू के चौधरी ने कहा कि वज़ीराबाद परियोजना के पास होने से साफ पानी की केवल आज की जरूरत ही पूरी नहीं होगी बल्कि एक ऐसा जल ढांचा तैयार होगा जो आने वाले दशकों तक दिल्ली की जरूरतों को पूरा करेगा। उन्होंने बताया कि परियोजना को क्रियान्वयन की दिशा में आगे बढ़ाते हुए एडीबी सहायता प्राप्त वज़ीराबाद जल आपूर्ति सुधार परियोजना के लिए प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी (पीएमसी) का प्रस्ताव दिल्ली जल बोर्ड के समक्ष कार्य आवंटन के लिए रखा गया है। श्री चौधरी ने बताया कि यह परियोजना कई वर्षों तक लंबित रही जिसे अब पुनर्जीवित कर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस मंजूरी के साथ अब यह परियोजना क्रियान्वयन की ओर आगे बढ़ रही है जिसका उद्देश्य जल आपूर्ति नेटवर्क को आधुनिक बनाना, उसकी दक्षता बढ़ाना और दिल्लीवासियों को अधिक विश्वसनीय जल आपूर्ति सुनिश्चित करना है। श्री चौधरी ने बताया कि एडीबी की सहायता से संचालित इस परियोजना के तहत वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से लेकर ट्रांसमिशन नेटवर्क, डिस्ट्रीब्यूशन लाइनों और घरों तक पानी पहुंचाने वाली व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों के लिए पानी रोजाना की जरूरत है और यह दिल्ली सरकार की जिम्मेदारी है कि हर नल के पीछे का पूरा सिस्टम मजबूत, आधुनिक और भरोसेमंद हो। श्री चौधरी ने बताया कि इस परियोजना के तहत पुरानी, क्षतिग्रस्त और कम क्षमता वाली पाइपलाइनों को बदला जाएगा, आवश्यकता के अनुसार नई ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन लाइनें बिछाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत मौजूदा जल नेटवर्क को आपस में बेहतर तरीके से जोड़ा जाएगा जिससे पानी का दबाव, वितरण और आपूर्ति की विश्वसनीयता बेहतर हो सके व इसके साथ ही वज़ीराबाद वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, अंडरग्राउंड रिजर्वायर, पंपिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क को भी अपग्रेड किया जाएगा।



