औद्योगिक एवं सामाजिक कार्यों के लिए विनीत जैन को सम्मानित किया
नई दिल्ली ( स्पर्श भारद्वाज ) : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले नागरिकों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में फ्रेंड्स कॉलोनी इंडस्ट्रियल एरिया एवं झिलमिल इंडस्ट्रियल एरिया के विकास, उद्यमियों की समस्याओं को उठाने तथा सामाजिक कार्यों में सक्रिय योगदान के लिए विनीत जैन को सम्मानित किया गया। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जिलाधिकारी अजय कुमार एवं शाहदरा की उप-जिलाधिकारी रीता कौशिक द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों के सम्मान की पहल की गई। इसी क्रम में एसडीएम रीता कौशिक ने अपने कार्यालय में विनीत जैन को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विनीत जैन ने जिलाधिकारी अजय कुमार जी एवं एसडीएम रीता कौशिक का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा क्षेत्र एवं समाज के लिए कार्य करने वाले नागरिकों को सम्मानित करना उनके प्रयासों को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि फ्रेंड्स कॉलोनी एवं झिलमिल इंडस्ट्रियल एरिया से बड़ी संख्या में उद्यमी, व्यापारी और श्रमिक जुड़े हैं।
इन क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं, औद्योगिक विकास और उद्यमियों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष उठाकर उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना उनकी प्राथमिकता रही है। विनीत जैन ने कहा, “यह सम्मान केवल मेरा व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उन सभी उद्यमियों, व्यापारियों और साथियों का सम्मान है, जो क्षेत्र के विकास और बेहतर भविष्य के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। यह सम्मान मुझे भविष्य में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। विनीत जैन लंबे समय से फ्रेंड्स कॉलोनी, झिलमिल तथा पूर्वी दिल्ली के औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े सामाजिक एवं औद्योगिक कार्यों में सक्रिय हैं। वे भाजपा शाहदरा जिला के जिला प्रवक्ता होने के साथ विभिन्न औद्योगिक संगठनों के माध्यम से उद्यमियों की समस्याओं, औद्योगिक विकास और प्रशासनिक समन्वय से जुड़े विषयों पर भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।



