Delhi MCD: ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 को लेकर दिल्ली नगर निगम ने आयोजित की कार्यशाला : संदीप कपूर
नई दिल्ली ( स्पर्श भारद्वाज ) : दिल्ली नगर निगम द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जन-जागरूकता को लेकर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों को नए नियमों की प्रमुख विशेषताओं से अवगत कराना तथा जनप्रतिनिधियों के माध्यम से नागरिकों तक इन नियमों की जानकारी पहुंचाकर व्यापक जन भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। कार्यशाला में उप महापौर डॉ. मोनिका पंत, स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा, नेता सदन जय भगवान यादव, स्थायी समिति उपाध्यक्ष सत्य पाल सिंह, डेम्स समिति अध्यक्ष संदीप कपूर, अपर आयुक्त अरुण कुमार मिश्रा, जोन चेयरमैन, डिप्टी चेयरमैन, स्थायी समिति सदस्य, जोन अध्यक्ष , उपाध्यक्ष, स्थाई समिति के सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 पर आधारित एक “विशेष बुकलेट व स्वच्छता टी शर्ट” का भी विमोचन किया गया।
बुकलेट के माध्यम से नए नियमों, कचरे के स्रोत पर पृथक्करण, कचरे के पुन: उपयोग एवं पुनर्चक्रण तथा वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों को सरल रूप में प्रस्तुत किया गया है। डेम्स समिति अध्यक्ष संदीप कपूर ने कहा कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनभागीदारी को बढ़ावा देना तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के संबंध में नागरिकों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि नए नियमों में कचरे के चार भागों में पृथक्करण, कचरे को उपयोगी संसाधन में बदलने, पुन: उपयोग एवं पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने तथा लैंडफिल पर कचरे के दबाव को कम करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि नए नियमों का महत्वपूर्ण उद्देश्य सर्कुलर इकॉनमी को बढ़ावा देना है, जिसमें कचरे को संसाधन के रूप में उपयोग करते हुए उसके अधिकतम पुन: उपयोग और पुनर्चक्रण पर जोर दिया जाता है।



