UP Murder Case: यूपी में दिल दहला देने वाली वारदात, गुजरात से लाई महिला और मासूम बेटे की हत्या, आरोपी मुठभेड़ में घायल
झांसी (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां गुजरात से एक महिला और उसके तीन साल के मासूम बेटे को लाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस जघन्य वारदात ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है।
घटना लहचूरा क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां 5 अप्रैल को सड़क किनारे एक महिला का शव बरामद हुआ था। जांच के दौरान उसकी पहचान गुजरात निवासी नीलू के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, महिला को कुल्हाड़ी से काटकर हत्या की गई थी। वहीं उसके मासूम बेटे को भूसे के ढेर में डालकर जिंदा जला दिया गया, जिससे उसकी जली हुई हड्डियां बरामद हुई हैं।
जांच में सामने आया कि महिला और उसका बच्चा पिछले छह महीने से आरोपी चतुर्भुज के साथ रह रहे थे। बताया जा रहा है कि आरोपी ने किसी विवाद के बाद इस निर्मम हत्याकांड को अंजाम दिया और दोनों शवों को अलग-अलग जगह छिपाने की कोशिश की। महिला का शव सड़क किनारे फेंका गया, जबकि बच्चे के शव को जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस और स्वाट टीम ने घेराबंदी कर तलाश शुरू की। सिजारी नहर के पास आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक थाना प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके पास से अवैध असलहा, कारतूस और बाइक बरामद की है।
जांच की जिम्मेदारी संभाल रहे एसपी देहात झांसी Arvind Kumar ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस हत्याकांड में कोई और शामिल था या नहीं।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।



