दिल्ली पुलिस ने श्रद्धा वालकर हत्या मामले में 100 गवाहों की सूची के साथ 3,000 पन्नों के आरोपपत्र का मसौदा तैयार किया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मसौदा आरोपपत्र जल्द ही दाखिल किए जाने की संभावना है। इसे कानूनी राय के लिए भेजा गया है। आरोपपत्र में डीएनए मिलान के अलावा वालकर की पहचान स्थापित करने वाले फॉरेंसिक सबूतों की एक सूची है। वालकर की उसके लिव-इन पार्टनर आफताब अमीन पूनावाला ने कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी थी और उसके शव को 35 टुकड़ों में काट कर दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में फेंक दिया था।
एक सूत्र ने कहा, ‘‘डीएनए रिपोर्ट से श्रद्धा वालकर की हत्या की पुष्टि हुई थी। घटना के सामने आने के बाद हमने उसके पिता और भाई से नमूने एकत्र किए।’’जांच अधिकारी ने कहा था कि पूनावाला ने पॉलीग्राफ और नार्को-एनालिसिस जांच और पुलिस पूछताछ के दौरान जो बयान दिए, वे एक जैसे थे। नार्को-एनालिसिस और पॉलीग्राफ जांच रिपोर्ट अदालत में सबूत के तौर पर स्वीकार्य नहीं हैं।छतरपुर के जंगलों से बरामद हड्डियाँ और डीएनए रिपोर्ट जिसमें पुष्टि हुई कि हड्डियाँ श्रद्धा वाकर की हैं जो चार्जशीट का हिस्सा बनेंगी। डीएनए की दो रिपोर्ट ने पुष्टि की थी कि दक्षिणी दिल्ली के जंगलों से प्राप्त हड्डियाँ वाकर की हैं। दिल्ली पुलिस ने उस फ्लैट से एक आरी, कई चाकू और कई अन्य उपकरण भी बरामद किए हैं जहां पिछले साल वाकर की हत्या की गई थी।
हत्या का पता तब चला जब एक दोस्त ने वाकर के पिता विकास मदन वाकर को सूचित किया कि उसने कम से कम दो महीने से उसकी बात नहीं सुनी है। आफताब ने श्रद्धा के जिंदा होने का आभास देने के लिए महीनों तक उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स का भी इस्तेमाल किया।



