सत्य के साथ • आपके साथशुक्रवार, 27 नवंबर 2026
ADVERTISEMENTविज्ञापन के लिए संपर्क करेंCPN NEWS • YOUR BRAND HERE
ताज़ा खबर
Guru Nanak Dev Ji Prakash Purab: गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर डॉ. गुरमीत सिंह सूरा ने वृद्धजनों के बीच मनाया सेवा पर्वYamuna river cleaning: यमुना सफाई की दिशा में सरकार के प्रयास सराहनीय : दर्शन सिंहDelhi skill development center: युवाओं और महिलाओं को रोज़गार से जोड़ने के दिल्ली सरकार के प्रयास शानदार : प्रवेश शर्माPolice Company Fardeen Khan: राम गोपाल वर्मा की फिल्म से फरदीन खान का डार्क लुक हुआ लीकRewa Gurukul Hostel Death: रीवा के गुरुकुल छात्रावास में 13 साल के छात्र की मौत, कार्डियक अरेस्ट की आशंकाJamia Show Cause Notice: कैंपस में प्रदर्शन करने वाले 12 छात्रों को जामिया ने भेजा कारण बताओ नोटिसOm Kumar Election Cancelled: नहटौर से बीजेपी विधायक ओम कुमार का निर्वाचन इलाहाबाद हाईकोर्ट ने रद्द कियाTamil Nadu Paternity Leave: पुरुष सरकारी कर्मचारियों को पहली बार 15 दिन का पितृत्व अवकाश, सीएम विजय का फैसला

School Death: टीचर की पिटाई के बाद 6 साल के बच्चे की मौत, कक्षा में बेहोश होकर गिरा; परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

3 मिनट पढ़ें
School Death: विशाखापट्टनम में छह साल के बच्चे की मौत
Advertisement

School Death: टीचर की पिटाई के बाद 6 साल के बच्चे की मौत, कक्षा में बेहोश होकर गिरा; परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में एक निजी स्कूल में छह वर्षीय यूकेजी छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया। वन टाउन इलाके में स्थित स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे प्रणय तेजा की मौत को लेकर उसके परिवार ने शिक्षिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि होमवर्क पूरा नहीं करने पर शिक्षिका ने बच्चे को डांटा और कथित तौर पर डंडे से पीटा, जिसके बाद वह कक्षा में ही बेहोश होकर गिर पड़ा।

परिवार के अनुसार, प्रणय तेजा गुरुवार सुबह पूरी तरह स्वस्थ था। बच्चे के पिता ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे उनका बेटा खुद स्कूल जाने की जिद कर रहा था। परिवार ने पहले उसे स्कूल जाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन परीक्षाएं नजदीक होने के कारण उसे स्कूल भेज दिया गया। पिता के मुताबिक, घर से निकलने से पहले बच्चे को बुखार, बीमारी या किसी अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के कोई लक्षण नहीं थे। वह पिछली रात भी सामान्य रूप से खेल रहा था और सुबह खुश होकर स्कूल गया था।

परिजनों का कहना है कि दोपहर के समय उन्हें अचानक बच्चे की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिली। पिता ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन की ओर से उन्हें सीधे सूचना नहीं दी गई और उन्हें अन्य लोगों के माध्यम से बच्चे की हालत के बारे में पता चला। इसके बाद परिवार तत्काल किंग जॉर्ज अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने प्रणय तेजा को मृत घोषित कर दिया।

बच्चे के पिता ने स्कूल के सीसीटीवी फुटेज का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि शिक्षिका बच्चे को डांटती और कथित तौर पर डंडे से मारती दिखाई दे रही है। परिवार का आरोप है कि पिटाई और डर के कारण बच्चा सदमे में आ गया और कक्षा में ही गिर पड़ा। हालांकि, बच्चे की मौत का वास्तविक कारण क्या था, यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

Advertisement

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने भी मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

अधिकारियों का कहना है कि मौत की सही वजह पोस्टमॉर्टम और मेडिकल जांच की रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद अस्पताल में बच्चे के परिजन और बड़ी संख्या में रिश्तेदार पहुंच गए। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि स्कूल में अन्य बच्चों के साथ भी मारपीट की जाती थी। पुलिस अब इन आरोपों की भी जांच कर रही है। फिलहाल बच्चे की मौत ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और अनुशासन के नाम पर होने वाली कथित शारीरिक सजा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया?

आपकी राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *