Satyendar Jain Case Closed: सत्येंद्र जैन को बड़ी राहत, CBI को नहीं मिले भ्रष्टाचार के सबूत, कोर्ट ने केस बंद किया
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को बड़ी राहत देते हुए उनके खिलाफ चल रहा बहुचर्चित भ्रष्टाचार का मामला सोमवार को बंद कर दिया। विशेष न्यायाधीश विनय सिंह ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की क्लोजर रिपोर्ट को स्वीकार करते हुए स्पष्ट किया कि चार वर्षों की विस्तृत जांच के बाद भी CBI को सत्येंद्र जैन के खिलाफ किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार या आपराधिक साजिश का कोई ठोस सबूत नहीं मिला।
मामला 2019 में उस समय का है जब जैन दिल्ली सरकार में लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री थे। उन पर आरोप था कि उन्होंने नियमों को दरकिनार करते हुए आउटसोर्सिंग के ज़रिए 17 सदस्यीय सलाहकारों की एक टीम की नियुक्ति की थी। यह कहा गया कि यह नियुक्तियाँ बिना मानक सरकारी प्रक्रिया का पालन किए की गईं, जिससे शक पैदा हुआ कि इसमें निजी हित या भ्रष्टाचार की संभावना हो सकती है।
हालांकि, CBI ने चार साल तक इस मामले की बारीकी से जांच की और पाया कि विभाग की तत्काल आवश्यकताओं को देखते हुए विशेषज्ञों की भर्ती जरूरी थी। एजेंसी ने यह भी माना कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी, प्रतिस्पर्धी और विभागीय आवश्यकता के अनुरूप थी। किसी भी प्रकार का अनुचित लाभ, निजी फायदा या आपराधिक साजिश का कोई प्रमाण CBI को नहीं मिला।
कोर्ट ने अपने फैसले में कहा, “सिर्फ शक के आधार पर किसी को आरोपी नहीं ठहराया जा सकता। कानून में यह स्पष्ट है कि जांच या मुकदमे को आगे बढ़ाने के लिए ठोस और विश्वसनीय सबूत होने चाहिए। प्रस्तुत तथ्यों और आरोपों के आधार पर मामला आगे बढ़ाना उचित नहीं है।”
कोर्ट ने CBI की रिपोर्ट को स्वीकार करते हुए मामला बंद कर दिया। हालांकि, यह भी स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में सत्येंद्र जैन के खिलाफ कोई नई जानकारी या सबूत सामने आते हैं, तो CBI उस आधार पर मामले की फिर से जांच शुरू कर सकती है।
यह फैसला न केवल सत्येंद्र जैन के लिए राजनीतिक और कानूनी राहत है, बल्कि आम आदमी पार्टी के लिए भी एक बड़ी नैतिक जीत के रूप में देखा जा रहा है, जो लंबे समय से अपने नेताओं के खिलाफ चल रहे मामलों को ‘राजनीति से प्रेरित’ बताती रही है।


