Saket fire incident: साकेत अग्निकांड ने उजागर की सरकारी तंत्र की नाकामी : राजकुमार जैन
नई दिल्ली, (रविंद्र कुमार): दक्षिणी दिल्ली के साकेत क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर कांग्रेस ने दिल्ली सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। बाबरपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार जैन ने कहा कि यह कोई साधारण दुर्घटना नहीं बल्कि प्रशासनिक लापरवाही, भ्रष्ट तंत्र और सरकारी उदासीनता के कारण हुआ “मौत का तांडव” है, जिसमें दर्जनों निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते नियमों का पालन सुनिश्चित किया गया होता और संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारियां निभाते, तो इतने परिवारों के घरों में मातम नहीं पसरा होता। राजकुमार जैन ने कहा कि प्रारंभिक जांच में ही सामने आ चुका है कि संबंधित होटल में फायर सेफ्टी से जुड़े अनेक दस्तावेजों और अनिवार्य अनुमतियों की कमी थी। होटल निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक संचालित किया जा रहा था, फिर भी प्रशासन, नगर निगम, पुलिस, फायर विभाग और अन्य एजेंसियां आंखें मूंदे बैठी रहीं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर बिना आवश्यक एनओसी और सुरक्षा मानकों के इतना बड़ा व्यावसायिक प्रतिष्ठान वर्षों तक कैसे संचालित होता रहा? क्या संबंधित विभागों के अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं थी या फिर जानबूझकर अनदेखी की जा रही थी? उन्होंने कहा कि सरकार केवल हादसे के बाद जांच और कार्रवाई की बातें कर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। असली सवाल यह है कि जिन अधिकारियों की निगरानी में यह सब हो रहा था, उनके खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई हुई? यदि होटल प्रबंधन दोषी है तो उसे संरक्षण देने वाले अधिकारी और विभाग भी उतने ही जिम्मेदार हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि इस हादसे में हुई प्रत्येक मौत के लिए केवल होटल संचालक ही नहीं बल्कि पूरा प्रशासनिक तंत्र जवाबदेह है। राजकुमार जैन ने मांग की कि मामले की न्यायिक या उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों, होटल संचालकों और मिलीभगत करने वाले सभी लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या नहीं बल्कि कठोर आपराधिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता जानना चाहती है कि आखिर इतने लोगों की मौत का जिम्मेदार कौन है और सरकार कब तक अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास करती रहेगी। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस उनके न्याय की लड़ाई में पूरी मजबूती से साथ खड़ी है और दोषियों को सजा दिलाने तक संघर्ष जारी रखेगी।



