Rohtak Suicide: रोहतक में एएसआई संदीप लाठर ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में आईजी वाई पूरन कुमार पर आरोप
रोहतक: हरियाणा पुलिस के एएसआई संदीप लाठर की आत्महत्या ने राज्य पुलिस विभाग को हिला कर रख दिया है। मंगलवार दोपहर को लाढौत-धामड़ रोड स्थित खेत में बने कमरे में संदीप लाठर ने गोली मारकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। उनके पास से सुसाइड नोट और मोबाइल फोन में वीडियो भी बरामद हुआ, जिसमें उन्होंने दिवंगत आईजी वाई पूरन कुमार पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।
संदीप कुमार लाठर जींद जिले के जुलाना के रहने वाले थे और फिलहाल रोहतक के लाढौत गांव में अपने मामा के घर रह रहे थे। वे रोहतक पुलिस की साइबर सेल में तैनात थे और अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित माने जाते थे। परिवार के अनुसार, संदीप एडीजीपी वाई पूरन कुमार के गनर सुशील कुमार को गिरफ्तार करने वाली टीम का हिस्सा भी रहे थे।
संदीप लाठर का परिवार सेवा और त्याग की परंपरा से जुड़ा रहा है। उनके पिता दयानंद लाठर हरियाणा पुलिस में इंस्पेक्टर रहे और रिटायरमेंट के करीब 20 वर्ष पहले रेल यात्रा के दौरान निधन हो गया। संदीप पांच बहनों में इकलौते भाई थे। वे अपनी पत्नी संतोष और तीन बच्चों के साथ रोहतक के सुखपुरा चौक स्थित पुलिस क्वार्टर में रहते थे। उनकी बड़ी बेटी प्रतिभा नीट की तैयारी कर रही थी, छोटी बेटी नौवीं कक्षा में पढ़ाई कर रही है और बेटा राणू चौथी कक्षा का छात्र है।
संदीप कुमार लाठर की पुलिस सेवा में कई महत्वपूर्ण योगदान रहे। उन्हें इसी साल 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सीएम नायब सिंह सैनी द्वारा क्राइम ब्रांच में शानदार सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया था। उनके दादा भरत सिंह और छोटे दादा ने भी सेना में सेवाएं दी थीं, जिनमें छोटे दादा ने बर्मा में युद्ध में हिस्सा लिया और सात साल जेल भी काटा। इसी परंपरा और प्रेरणा से संदीप ने पुलिस की नौकरी चुनी थी।
परिवार ने दिवंगत आईजी वाई पूरन कुमार की पत्नी की गिरफ्तारी और उनके संपत्ति की जांच की मांग की है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।


