रामलीला और दुर्गा पूजा पंडालों के लिए 1200 युनिट मुफ्त बिजली सरकार का अच्छा कदम : गुरमीत सिंह सूरा
नई दिल्ली ( सी.पी.एन.न्यूज़ ) : दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी सरकार नें रामलीला तथा दुर्गा पूजा पंडालों को 1200 युनिट मुफ्त बिजली देने का जो निर्णय लिया है उससे आयोजकों के साथ-साथ श्रधालुओं में भी ख़ुशी की लहर है | यह कहना है भारतीय जनता पार्टी शाहदरा जिले के वरिष्ठ नेता तथा पश्चमी जिले के पूर्व सह-प्रभारी गुरमीत सिंह सूरा का | गुरमीत सिंह कहते हैं गत माह कांवड़ सेवा के लिए लगाये गए शिवरों के बाद अब दिल्ली सरकार नें रामलीला तथा दुर्गा पूजा के लिए भी आयोजकों को बड़ी राहत दी है और यह संदेश देने का प्रयास किया है दिल्ली की सरकार किसी भी धार्मिक आयोजन के लिए सहायता के लिए हमेशा तत्पर है | उल्लेखनीय है किआयोजकों को बिजली मीटर लगाने के लिए केवल 25 प्रतिशत सिक्योरिटी राशि ही जमा करानी होगी। सभी आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई, फॉगिंग, पानी के टैंकर, स्वास्थ्य सुविधाएं, एंबुलेंस, शौचालय, फायर टेंडर, पार्किंग सिक्योरिटी और ट्रैफिक मैनेजमेंट के भी सुचारू इंतजाम किए जाएंगे। जिला स्तर पर डीएम कार्यालय में सिंगल विंडो सिस्टम बनाया जा रहा है जहां से सभी आयोजकों को सभी प्रकार की एनओसी मिल सकेगी। उल्लेखनीय है मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गत दिनों दिल्ली सचिवालय में हुई एक विशेष बैठक के बाद ये घोषणाएं कीं। इस बैठक में पूरी दिल्ली के रामलीला और दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में बिजली मंत्री आशीष सूद और कला एवं संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा के अलावा दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव डीडीए के उपाध्यक्ष, एमसीडी के कमिश्नर, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, कुछ जिलों के डीएम और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सभी आयोजको से आग्रह किया कि वे दुर्गा पूजा और रामलीला के आयोजन को सांस्कृतिक मूल्यों के साथ-साथ विकसित दिल्ली के विजन को आगे बढ़ाने का माध्यम भी बनाएं और लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़े से जोड़ें। गुरमीत सिंह सूरा कहते है दिल्ली सरकार के इस निर्णय से दिल्ली की सैकड़ों रामलीला समितियों तथा दुर्गा पूजा करने वाली समितियोँ को लाभ पहुंचेगा |


