दिल्ली का प्रीत विहार इलाका आज शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। बाइक से आए नकाबपोश बदमाशों ने एनर्जी जिम के 40 वर्षीय मालिक महेंद्र अग्रवाल की गोली मारकर हत्या कर दी। दो नकाबपोश बदमाशों ने ऑफिस में घुसकर कारोबारी को चार गोलियां मारी। हत्याकांड को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। कारोबारी को पास के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में रंजिश की बात सामने आ रही है। दोनों बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। दिल्ली पुलिस अब इन बदमाशों की पहचान में जुटी हुई है। मृतक महेंद्र अग्रवाल जिम और स्पा के नाम से कई सेंटर चलाते थे। उनका जिम में इस्तेमाल होने वाले उपकरण का भी कारोबार है। प्रीत विहार इलाके के विकास मार्ग पर एक बिल्डिंग के फर्स्ट फ्लोर पर एनर्जी जिम और स्पा का हेडक्वार्टर है। साथ ही बेसमेंट जिम भी है। आज शाम तकरीबन 8 बजे महेंद्र अग्रवाल अपने ऑफिस में थे, इसी दौरान हथियारों से लैस तीन बदमाश ऑफिस में दाखिल हुए और उन्होंने एक के बाद एक तीन गोली महेंद्र अग्रवाल पर चला दीं। एक गोली महेंद्र अग्रवाल के सिर पर लगी। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बदमाश भागते वक्त ऑफिस में लगा सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए ताकि उनकी पहचान न हो सके।



