Gurdwara Bangla Sahib: गुरुद्वारा बंगला साहिब में कैंसर मरीजों के लिए वरदान बनी PET-CT मशीन, भव्य उद्घाटन समारोह में दिखा सेवा का संकल्प
नई दिल्ली, चौहान अनिल – दिल्ली के ऐतिहासिक गुरुद्वारा बंगला साहिब में चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल की गई है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे जरूरतमंद और गरीब मरीजों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से PET-CT स्कैन मशीन की स्थापना की गई है, जिसका भव्य उद्घाटन रविवार को हुआ।
इस आधुनिक और महंगी चिकित्सा सुविधा का उद्घाटन भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने किया। इस अवसर पर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (DSGMC) के प्रधान सरदार हरमीत सिंह कालका और जनरल सेक्रेटरी सरदार जगदीश सिंह कहलों भी मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह में समिति के कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और सदस्यगण शामिल हुए, जिनमें एस. हरजीत सिंह पापा, एस. भूपेंद्र सिंह भुल्लर (अध्यक्ष एमआरआई और PET-CT स्कैन विभाग), एस. करतार सिंह (सीनियर वाइस चेयरमैन, गुरुद्वारा मोती बाग साहिब), विजिलेंस विभाग के वाइस चेयरमैन, एस. सत्येंद्र पाल सिंह नागी, और गुरु हरकिशन प्राइवेट आईटीआई तिलक नगर के अध्यक्ष प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
जानकारों के अनुसार PET-CT मशीन की सहायता से कैंसर के प्रारंभिक चरण में ही उसकी सटीक पहचान की जा सकती है, जिससे उपचार जल्दी और प्रभावी तरीके से शुरू हो सकता है। निजी अस्पतालों में जहां इस जांच की कीमत आम आदमी की पहुंच से बाहर होती है, वहीं गुरुद्वारा बंगला साहिब में यह सुविधा अत्यंत रियायती दरों पर अथवा जरूरतमंदों के लिए नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति द्वारा स्वास्थ्य सेवा को संगत तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। समिति की ओर से पहले भी एमआरआई, डायलिसिस, लैब जांच जैसे कई स्वास्थ्य सुविधाएं गरीब और जरूरतमंद लोगों को बेहद कम दरों पर प्रदान की जाती रही हैं। PET-CT जैसी उन्नत तकनीक की उपलब्धता इस सेवा को एक नई ऊंचाई पर ले जाती है और यह चिकित्सा जगत में सिख समुदाय की सेवा भावना का एक और उदाहरण बनती है।
समारोह में बोलते हुए मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि गुरुद्वारे केवल आध्यात्मिक केंद्र नहीं हैं, बल्कि मानव सेवा के सशक्त केंद्र भी हैं। उन्होंने कहा कि सिख परंपरा ‘सेवा’ को सर्वोपरि मानती है और यह सेवा अब मेडिकल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भी उदाहरण बन रही है। प्रधान हरमीत सिंह कालका और महासचिव जगदीश सिंह कहलों ने भी विश्वास दिलाया कि DSGMC भविष्य में और भी आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और सुविधाओं के साथ समाज सेवा का यह मिशन जारी रखेगी।
इस अवसर पर भारी संख्या में संगत, स्थानीय लोग, चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे। PET-CT मशीन की शुरुआत निश्चित रूप से एक मील का पत्थर है, जो दिल्ली में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ रहे हजारों मरीजों के लिए उम्मीद की एक नई किरण लेकर आई है।



