Terror Attack: पहलगाम आतंकी हमले के बाद दिल्ली में सुरक्षा बढ़ाई गई, हर गतिविधि पर कड़ी नजर
नई दिल्ली — जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए भीषण आतंकी हमले के बाद राजधानी दिल्ली समेत देशभर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने शहर के विभिन्न संवेदनशील इलाकों, पर्यटक स्थलों और सीमावर्ती चौकियों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए हैं। साथ ही, हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
हमले में अब तक 28 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें से अधिकांश पर्यटक थे। इस क्रूर हमले को 2019 के पुलवामा हमले के बाद घाटी में सबसे बड़ा और भयावह आतंकी हमला माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, आतंकवादियों ने पहलगाम के एक लोकप्रिय टूरिस्ट प्लेस पर अंधाधुंध फायरिंग की, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, हमले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी में चौकसी और गश्त बढ़ा दी गई है। मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) को तैनात किया गया है। यातायात पर भी नियंत्रण रखा जा रहा है और संदिग्ध वाहनों तथा व्यक्तियों की जांच की जा रही है।
इस हमले का अंतरराष्ट्रीय पहलू भी अहम हो गया है क्योंकि घटना के समय अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भारत दौरे पर हैं। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां इस हमले को केवल आतंरिक नहीं, बल्कि कूटनीतिक दृष्टिकोण से भी देख रही हैं।
केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को अलर्ट रहने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं। साथ ही खुफिया एजेंसियों को हमले की साजिश, हमलावरों की पहचान और उन्हें मदद देने वाले नेटवर्क का पता लगाने के लिए निर्देशित किया गया है।
दिल्ली के अलावा मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद जैसे शहरों में भी पुलिस बल को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा तंत्र को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है और निगरानी ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों और खुफिया नेटवर्क के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है।
यह आतंकी हमला देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए एक गंभीर चुनौती बनकर सामने आया है, जिससे निपटने के लिए सरकार और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तत्परता के साथ जुट गई हैं। आम नागरिकों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की गई है।
सुरक्षा बलों ने यह स्पष्ट किया है कि आतंकवाद को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को जल्द ही न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।



