Home दिल्ली-एनसीआर Delhi MCD: महापौर, उप महापौर को चुने बिना एमसीडी सदन की कार्यवाही...

Delhi MCD: महापौर, उप महापौर को चुने बिना एमसीडी सदन की कार्यवाही स्थगित

0
154

कुछ पार्षदों के हंगामे के बीच दिल्ली नगर निगम के सदन की कार्यवाही मंगलवार को महापौर और उप महापौर का चुनाव कराए बिना स्थगित कर दी गई। ‘एल्डरमैन’ और निर्वाचित पार्षदों की शपथ के बाद, सदन की कार्यवाही को 15 मिनट के लिए स्थगित कर दिया गया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों ने सदन में ‘‘मोदी, मोदी’’ के नारे लगाये और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा पार्षद उस बेंच की ओर गए, जहां आप पार्षद बैठे थे और नारेबाजी की, जिसके बाद पीठासीन अधिकारी ने सदन की कार्यवाही को अगली तारीख तक के लिए स्थगित कर दिया।

एमसीडी के 250 सदस्यीय सदन की बैठक में मंगलवार को निर्वाचित प्रतिनिधियों से पहले उपराज्यपाल द्वारा मनोनीत सदस्यों ने शपथ ली। इस दौरान आप पार्षदों ने शर्म करो, शर्म करो’ के नारे लगाए। वहीं, मनोनीत सदस्यों ने शपथ ग्रहण समारोह के बाद ‘‘जय श्री राम’’ और ‘‘भारत माता की जय’’ के नारे लगाए। इसके बाद दोनों दलों के कुछ पार्षदों के बीच सदन के एक गलियारे में तीखी नोकझोंक हुई। पीठासीन अधिकारी सत्या शर्मा ने कहा, ‘‘सदन की कार्यवाही इस तरह नहीं चल सकती…सदन की कार्यवाही को अगली तारीख तक के लिए स्थगित किया जाता है।’’ एमसीडी सदन की छह जनवरी को हुई पिछली बैठक के दौरान हुई अव्यवस्था की पुनरावृत्ति से बचने के लिए सदन कक्ष, सिविक सेंटर परिसर में भारी सुरक्षा तैनाती थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here