एक रासायनिक कारखाने में आग लगने से चार कर्मचारी घायल हो गये। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक, बदलापुर महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम में दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। जिसके बाद कुलगांव नगरपालिका परिषद और आनंद नगर एमआईडीसी की दमकल की चार गाड़िया आग बुझाने मौके पर पहुंची।
अधिकारी ने बताया, “आग लगने की घटना में एक कर्मचारी 15 से 30 फीसदी तक जल गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन लोगों को मामूली चोटें आईं हैं। तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।” अधिकारी ने बताया कि इलाके को ठंडा करने का काम जारी है। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।