Delhi Janakpuri Accident: जनकपुरी हादसे में दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति गिरफ्तार
नई दिल्ली। दिल्ली के जनकपुरी इलाके में सड़क पर खुले गड्ढे में बाइक गिरने से युवक कमल ध्यानी की मौत के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में पुलिस ने पहली गिरफ्तारी करते हुए सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह हादसा गंभीर लापरवाही का नतीजा है और मामले में आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह गड्ढा दिल्ली जल बोर्ड और उसके ठेकेदार द्वारा जनकपुरी स्थित आंध्र स्कूल के पास प्रोफेसर जोगिंदर सिंह मार्ग पर खुदवाया गया था। खुदाई के बाद गड्ढे को बिना भरे और बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के खुला छोड़ दिया गया। न तो वहां कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही बैरिकेडिंग या सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था की गई थी। इसी लापरवाही के चलते बाइक सवार कमल ध्यानी गड्ढे में गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने इस मामले में ठेकेदार के साथ-साथ दिल्ली जल बोर्ड के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। एफआईआर में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि सड़क के बीचोंबीच गड्ढा खोदने के बावजूद बुनियादी सुरक्षा उपायों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया। यह सीधा तौर पर सड़क उपयोगकर्ताओं की जान को खतरे में डालने जैसा कृत्य है।
पुलिस द्वारा किए गए घटनास्थल के निरीक्षण में यह भी सामने आया कि संबंधित अधिकारियों को खुदाई के काम की पूरी जानकारी थी, इसके बावजूद उन्होंने सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कराया। एफआईआर में उल्लेख किया गया है कि गड्ढा लंबे समय तक खुला रहा और इसके कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था, जो अंततः एक युवक की जान जाने का कारण बना।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि किन-किन अधिकारियों और एजेंसियों की लापरवाही इस हादसे के लिए जिम्मेदार है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि जांच के दायरे में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। यह कार्रवाई राजधानी में सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर प्रशासन की जिम्मेदारी और जवाबदेही तय करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।


