Delhi Girl Shot Dead: जहांगीरपुरी में एकतरफा प्यार बना मौत की वजह, 20 वर्षीय युवक ने 15 साल की नाबालिग को गोली मारकर उतारा मौत के घाट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी जिले के जहांगीरपुरी इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक 20 वर्षीय युवक ने 15 साल की नाबालिग लड़की को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। यह घटना एकतरफा प्रेम की बौखलाहट का नतीजा बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है, और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है।
घटना सोमवार को तब घटी जब पीड़ित लड़की, जो डी ब्लॉक जहांगीरपुरी में अपने परिवार के साथ रहती थी, अपनी तबीयत खराब होने के चलते अपनी सहेली के साथ पास के ही एक डॉक्टर के क्लीनिक में दवाई लेने गई थी। क्लीनिक में पहुंचने के कुछ ही देर बाद आरोपी आर्यन भी वहां आ धमका और उसने अचानक चार गोलियां लड़की पर दाग दीं। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी गोली चलाने के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल युवती को बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके पर जहांगीरपुरी थाना पुलिस, क्राइम टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स पहुंचे और जांच शुरू की गई। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक आर्यन और मृतक लड़की कुछ समय पहले तक एक-दूसरे को जानते थे। लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच बातचीत बंद थी और आर्यन उसे लगातार परेशान कर रहा था। मृतका के परिजनों ने बताया कि यह पूरा मामला ‘एकतरफा प्यार’ से जुड़ा हुआ है, जहां युवक लड़की पर संबंध बनाने का दबाव डाल रहा था और इनकार करने पर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
इस मामले की संवेदनशीलता और दोनों के अलग-अलग समुदाय से होने की वजह से इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस सतर्क है और स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। उसके घर और परिचितों के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। डीसीपी उत्तर-पश्चिम ने मीडिया को जानकारी दी है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उस पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



