ईरान में हिजाब के खिलाफ विरोध चरम पर है। ईरानी महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों के हस्तियों का समर्थन मिल रहा है। इस बीच ईरानी अभिनेत्री एल्नाज नोरोजी भी समर्थन में खुलकर सामने आई है। हिजाब के विरोध में उन्होंने अपना एक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है, जिसमें वह अपने कपड़े परत दर परत उतारती नजर आ रही हैं। उनका कहना है कि महिलाओं को यह तय करने का अधिकार होना चाहिए कि आखिर वह क्या पहनना चाहती हैं। अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में नोरोजी ने कहा, ”दुनिया में हर हिस्से में महिलाओं को अपने मन के मुताबिक कपड़े पहनने का अधिकार होना चाहिए। किसी भी पुरुष या किसी अन्य महिला को यह अधिकार नहीं है कि वह उसे जज करे या उसे दूसरे के हिसाब से कपड़े पहनने के लिए कहे।” उन्होंने आगे कहा, ”हर किसी के अलग-अलग विचार और विश्वास होते हैं और उनका सम्मान किया जाना चाहिए।” नोरोजी आगे कहती हैं, ”लोकतंत्र का अर्थ है निर्णय लेने की शक्ति। प्रत्येक महिला को अपने शरीर पर निर्णय लेने की शक्ति होनी चाहिए! मैं नग्नता को बढ़ावा नहीं दे रही हूं, मैं पसंद की स्वतंत्रता को बढ़ावा दे रही हूं!”
ईरान में नहीं थम रहे विरोध प्रदर्शन
ईरान में 22 वर्षीय युवती की मौत के विरोध में जारी प्रदर्शन को कुचलने के लिए सरकारी बलों ने देश के कुर्द क्षेत्रों में मंगलवार को अपनी कार्रवाई तेज कर दी। नैतिकता के नाम पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने युवती महसा अमीनी को पकड़ा था और हिरासत में ही उसकी मौत हो गई थी। दंगा रोधी पुलिस ने ईरान के कुर्दिस्तान प्रांत की राजधानी सानंदाज में गोलीबारी की। वहीं एमनेस्टी इंटरनेशनल और अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने महसा अमीनी की मौत के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों को निशाना बनाने के लिए ईरान की निंदा की है। इस बीच, तेल कंपनियों में काम करने वाले कुछ लोगों ने भी सोमवार को दो प्रमुख रिफाइनरी परिसरों में विरोध-प्रदर्शन किया। ईरान की सरकार ने लगातार यह दावा किया है कि अमीनी के साथ कोई दुर्व्यवहार नहीं किया गया, जबकि उनके परिवार का कहना है कि उसके शरीर पर चोट व पिटाई के निशान थे। अमीनी को हिजाब सही तरीके से न पहनने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। अमीनी की मौत के बाद ईरान में प्रदर्शन शुरू हुए। प्रदर्शन के सामने आए कुछ वीडियो में सुरक्षा बलों द्वारा महिला प्रदर्शनकारियों को पीटते और धक्का देते हुए देखा जा सकता है। इनमें वे महिलाएं भी शामिल हैं जिन्होंने अपना हिजाब उतार दिया था। ईरान में हिजाब पहनना अनिवार्य है।


