एसएस राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ देश में जबरदस्त प्रदर्शन करने के बाद अब विदेश में भी धूम मचा रही है। भारतीय दर्शकों के साथ यह फिल्म अब विदेशी लोगों को भी काफी पसंद आई है। फिल्म देखने के बाद दूसरे देशों के लोग इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैँ। इसके अलावा हॉलीवुड के कई दिग्गज भी इस फिल्म की तारीफ कर चुके हैं।
ऑस्कर 2023 के लिए राजामौली की फिल्म का जिक्र इंडिवायर ने किया
इस बीच एक ऐसी खबर आई है जिसे जानकर भारतीय फैंस काफी खुश हो जाएंगे। दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स के दावों के मुताबिक राम चरण और जूनियर एनटीआर स्टारर फिल्म ऑस्कर 2023 में अपने झंडे बुलंद कर सकती है। ऑस्कर 2023 के लिए राजामौली की फिल्म का जिक्र इंडिवायर ने किया है। इसके अलावा ‘बोथ साइड्स ऑफ द ब्लेड’, ऑस्ट्रिया से ‘कोर्सेज’, कोरिया से ‘डिसीजन टू लीव’, डेनमार्क से ‘होली स्पाइडर’, फ्रांस से ‘वन फाइन मॉर्निंग’, बेल्जियम से ‘टोरी एंड लोकिता’ और ‘उटामा’ जैसी फिल्मों के नाम ऑस्कर के लिए बताए गए हैं।
अब तक 1100 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन
रिपोर्ट में इस बात का जिक्र किया गया है कि जब डैनी बॉयल की फिल्म ‘स्लमडॉग मिलिनेयर’ ऑस्कर में 8 अवॉर्ड्स अपने नाम कर सकती है तो आरआरआर कुछ बड़ी श्रेणी में क्यों प्रतिभाग नहीं कर सकती। ऐसे में नॉमिनेशन भेजने से पहले संबंधित ज्यूरी को इस फिल्म पर गंभीरता से विचार करना चाहिेए। अगर फिल्म को ऑस्कर के लिए नॉमिनेट किया जाएगा तो ही ऑस्कर ज्यूरी इस पर विचार कर सकेगी। गौरतलब है कि रिलीज के बाद राजामौली की इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था। इस फिल्म को साउथ के अलावा हिंदी पट्टी में भी काफी पसंद किया गया था। फिल्म में वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर अब तक 1100 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया है।



