Hanuman Ansh: नीम करौली वाले बाबा की जय से गूंजा वी3एस मॉल, समाज की अंतिम पंक्ति के लोगों ने देखी ‘हनुमान अंश : श्याम सुंदर अग्रवाल
नई दिल्ली ( स्पर्श भारद्वाज ) : समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को भी सिनेमा देखने और धार्मिक आस्था से जुड़ी फिल्मों का आनंद लेने का अवसर मिले, इसी उद्देश्य से पूर्व महापौर श्याम सुन्दर अग्रवाल ने वी3एस मॉल, निर्माण विहार में फिल्म हनुमान अंश का विशेष शो आयोजित किया। नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित इस फिल्म को झुग्गी बस्ती में रहने वाले लोगों, मोची, दिव्यांग, रिक्शा चालकों और घरेलू सहायिकाओं समेत 114 लोगों ने देखा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग कार्यवाह सुरेश जैन विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। श्याम सुन्दर अग्रवाल और कार्यक्रम संयोजिका कंचन शर्मा ने पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। फिल्म शुरू होने से पहले सभी दर्शकों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद ‘मरघट वाले बाबा की जय’, ‘लाल लंगोटे वाले की जय’, ‘मेहंदीपुर बालाजी धाम की जय’, ‘नीम करौली वाले बाबा की जय’ और ‘सालासर धाम की जय’ के जयकारों से पूरा सिनेमा हॉल गूंज उठा। श्याम सुन्दर अग्रवाल ने कहा कि आज हर वर्ग नीम करौली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म हनुमान अंश देखना चाहता है।

संपन्न और मध्यम वर्ग के लोग 300 या 500 रुपये का टिकट लेकर फिल्म देखने पहुंच जाते हैं, लेकिन समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के लिए 300 रुपये भी बहुत मायने रखते हैं। झुग्गी बस्तियों में रहने वाले भाई-बहन, मोची, दिव्यांग, रिक्शा चालक और घरेलू सहायिकाएं इच्छा होने के बावजूद सिनेमा हॉल में फिल्म नहीं देख पाते। इसी को ध्यान में रखते हुए उनके लिए यह विशेष शो आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को मनोरंजन और धार्मिक भावनाओं से जुड़ी फिल्मों को देखने का समान अवसर मिलना चाहिए। इसी भावना के तहत यह आयोजन किया गया है। उन्होंने घोषणा की कि फिल्म हनुमान अंश का अगला पार्ट आने पर समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के लिए फिर विशेष शो आयोजित कर उन्हें फिल्म दिखाई जाएगी।



